पहली बार विधायक बने, पहली बार में मंत्री, अब संसद की राह पर नायब सैनी
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। हरियाणा सरकार में श्रम कल्याण राज्यमंत्री नायब सैनी को कुुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र से भाजपा ने टिकट देकर एक बार फिर से सैनी बाहुल्य क्षेत्र में पुरानी कैमेस्ट्री दोहराई है। पूर्व में 5 बार सैनी समाज से नेता सांसद बन चुके हैं। अब देखना है कि भाजपा क्या इस कैमेस्ट्री के माध्यम से कुरुक्षेत्र में फिर से कमल खिलाने में कामयाब हो पाती है या नहीं। दूसरा नायब सैनी को मुख्यमंत्री का करीबी होने का भी लाभ मिला है। लाडवा से विधायक डॉ. पवन सैनी व इनेलो छोड़कर भाजपा में आए कैलाश भगत के नाम भी चर्चा में थे। लेकिन नायब सैनी बाजी मारने में कामयाब रहे।
5 बार कुरुक्षेत्र से सांसद रहे हैं समाज के नेता : कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में कुरुक्षेत्र, कैथल, पिहोवा, लाडवा, थानेसर सहित काफी सारे गांवों में सैनी बाहुल्य इलाके हैं। यहां सबसे पहले 1980 में मनोहर लाल सैनी, वर्ष 1989 में गुरदयाल सैनी, वर्ष 1998 व 1999 में प्रो. कैलाशो सैनी, राजकुमार सैनी वर्ष 2014 में कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र से सांसद बने हैं। भाजपा ने एक बार फिर यही कैमेस्ट्री दोहराई है। अब देखना है कि इस बार मोदी व मनोहर राज में कैसे नायब सैनी पार्टी की उम्मीदवारी पर खरा उतरते हैं।
पहली बार विधायक बने और पहली बार में ही बन गए मंत्री : नायब सैनी अंबाला के नारायणगढ़ के रहने वाले हैं। वहीं से भाजपा में लंबे समय से संगठन में काम किया। इसके बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ मिलकर भाजपा में काम किया और वर्ष 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में पहली बार चुनाव लड़ा और भाजपा की टिकट से नारायणगढ़ से विधायक बनें। विधायक बनने के सालभर में ही मुख्यमंत्री के नजदीकी होने के चलते उन्हें राज्यमंत्री बनाया गया। पहली बार के चुनाव में विधायक और फिर मंत्री बनने के बाद अब नायब ने संसद की राह की दौड़ में है।
बता दें कि जब नायब सैनी के टिकट की घोषणा हुई उस समय वे हरिद्वार में गंगा की शरण में थे। जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। सैनी ने कहा कि मुझे दोपहर तीन बजे पता चला कि पार्टी नेतृत्व ने मुझे कुरुक्षेत्र लोकसभा से चुनाव लड़ने का आदेश दिया है। मैं पाटी के केंद्रीय और राज्यीय नेतृत्व का आभारी हूं। इस समय मैं हरिद्वार में हूं।
भाजपा ने दोहराई पुरानी राजनीतिक कैमेस्ट्री
5 बार सांसद बन चुके हैं कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से सैनी समाज से नेता
भाजपा ने इस बार भी जताया भरोसा, राज्यमंत्री नायब सैनी को बनाया उम्मीदवार
पिछले काफी समय से कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में सक्रिय थे राज्यमंत्री
मुख्यमंत्री का नजदीकी होने का मिला लाभ
नसीब सैनी