टेंडर खत्म होने पर रोडवेज विभाग में तैनात 24 सफाई कर्मचारियों को हटाया
हटाने से कर्मचारियों में रोष, डीसी से मिली दोबारा नौकरी पर रखने की लगाई गुहार
फोटो नंबर-05
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। रोडवेज विभाग में ठेके प्रणाली के तहत कार्यरत 24 सफाई कर्मचारियों को टेंडर खत्म होने पर हटा दिया। जिससे सफाई कर्मचारियों में गहरा रोष है। इसके लिए सभी कर्मचारी डीसी से मिलने के लिए लघु सचिवालय में पहुंचे जहां उन्होंने उन्हें दोबारा काम पर रखने की गुहार लगाई।
कर्मचारियों ने बताया कि वे सभी करीब आठ सालों से लगातार बस स्टैंड पर सफाई के कार्य के लिए कार्यरत थे। लेकिन उन्हें शुक्रवार को हटा दिया गया। अब सभी कर्मचारी बेरोजगार हो गए हैं। हटाए गए कर्मचारी अंग्रेज सिंह, राहुल लोट, सुभे सिंह, रवि कुमार, कृष्ण कुमार, संजय कुमार ने बताया कि उनके पास कमाई का कोई अन्य साधन नहीं है। रोडवेज के जीएम रामकुमार ने उन्हें बिना किसी नोटिस के लिखित या मौखिक सूचना के हटा दिया है। जबकि माननीय उच्च न्यायालय चंडीगढ़ के आदेश अनुसार किसी भी कर्मचारी को हटाने से पहले एक माह का नोटिस देना पड़ता है। कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें इस प्रकार की कोई सूचना नहीं मिली। उपायुक्त कैथल के द्वारा जारी किया गया पत्र क्रमांक नंबर 4639 22/4/ 2015 के अनुसार निर्देश दिए गए हैं कि उपायुक्त कैथल की अनुमति के बिना किसी भी विभाग में डीसी रेट पर ठेके पर कार्यरत कर्मचारियों को नहीं हटाएंगे। कर्मचारियों ने अनुरोध किया कि यदि उन्हें कार्य पर नहीं रखा जाता तो वह आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इस मौके पर नरेश कुमार, अनिल कुमार, राजेश कुमार, गौरव, जयप्रकाश, कुलदीप, रामपति, राशि, राजेंद्र कुमार मौजूद रहे।