लोकसभा चुनाव : राजनीतिक पार्टियों ने शुरू किया होमवर्क
- भाजपा ने कुरुक्षेत्र में 4 लोकसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं की लगाई बूथ स्तर पर ड्यूटी,
- जजपा ने कुरुक्षेत्र में ली दोनों जिलों के कार्यकर्ताओं की बैठक
- कांग्रेस नेता पूर्व सांसद नवीन जिंदल भी हुए लंबे समय के बाद सक्रिय
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। लोकसभा चुनाव की आहट के साथ ही राजनीतिक दलों की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी व जननायक जनता पार्टी ने कैथल व कुरुक्षेत्र के कार्यकर्ताओं की जहां कुरुक्षेत्र में बैठक लेकर एक तरह से कार्यकर्ताओं को तैयारी के निर्देश दे दिए हैं। वहीं संभावित नामों पर भी विचार-विमर्श शुरू कर दिया है। वहीं लंबे समय बाद कांग्रेस के संभावित प्रत्याशी एवं पूर्व सांसद नवीन जिंदल ने भी शनिवार से एक तरह से अपने चुनावी अभियान का बिगुल फूंक दिया और उन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है कि वे भाजपा में जाएंगे।
भाजपा ने शनिवार को कुरुक्षेत्र में किया मंथन : भाजपा की चुनावी तैयारियों के लिए सीएम मनोहर लाल, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, प्रदेश संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट, लोकसभा चुनाव के सह-प्रभारी विश्वास सारंग ने 4 लोकसभा क्षेत्रों कुरुक्षेत्र, करनाल व अंबाला जिलों के 1066 बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रमुखों की बैठक ली और कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ पर 51 से 55 प्रतिशत तक मतदान भाजपा के पक्ष में करवाने का टारगेट दिया। कैथल से इस बैठक में जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर, विधायक कुलवंत बाजीगर, पूर्व विधायक लीला राम, राव सुरेंद्र सिंह, राजेंद्र शर्मा स्लेटी, सुरेश गर्ग नौच, चेयरमैन अरुण सर्राफ, चेयरमैन राजपाल तंवर, संजय भारद्वाज, पाला राम सैनी, धर्मपाल शर्मा सहित सभी प्रमुख कार्यकर्ताओं व नेताओं ने भाग लिया। जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर ने बताया कि पार्टी का उम्मीदवार हाई कमान तय करेगा। सभी कार्यकर्ताओं को शनिवार को जीत का मंत्र दिया गया है। जिसके बल पर भाजपा एमएलए की 70 व लोकसभा की 10 सीटें जीतेगी।
जजपा की 2 दिन पहले हो चुकी है बैठक : वीरवार को नवगठित पार्टी जन नायक जनता पार्टी के कैथल व कुरुक्षेत्र जिलों के नेताओं की एक बैठक हुई। जिसमें लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी बृज शर्मा ने लोकसभा चुनाव के संभावित प्रत्याशी के नाम पर चर्चा की। बैठक में कैथल से पार्टी नेता धर्मपाल छौत, अशोक बंसल, बलवान कोटड़ा, रणदीप कौल, प्रेम ग्योंग, जसमेर ढांडा, बलराज नौच, सतबीर गोपेरा, कुरुक्षेत्र जिला के अध्यक्ष कुलदीप मुल्तानी, जसविंद्र सिंह खैरा, मांगे राम ढुल, धूप सिंह माजरा ने भी भाग लिया। बैठक में डीडी उर्फ जयभगवान शर्मा को उम्मीदवार बनाए जाने और जसविंद्र खैरा, मांगे राम ढुल हरसौला के नाम पर भी चर्चा हुई।
कांग्रेस के संभावित प्रत्याशी भी मैदान में डटे : पूर्व सांसद जिंदल जो पिछले करीब साढ़े चार साल से एक तरह से शांत थे। चुनावी माहौल के बीच वे भी शनिवार को मैदान में आ डटे। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और बतौर सांसद 10 साल किए गए अपने काम का वर्तमान सांसद के काम से मिलान करते हुए जनता से अपने विवेक से फैसला लेने की अपील कर गए। साथ ही उन्होंने भाजपा में जाने की उन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया, जो पिछले दो साल से सुनी जा रही थीं। जिंदल का भाजपा में जाना तो दूर, बल्कि देश भर में विकास, बेरोजगारी, कश्मीर मेें आतंक जैसे मुद्दों पर जिंदल वर्तमान भाजपा सरकार पर सवालिया निशान जरूर लगा गए।