पानी की बर्बादी रोकने के लिए ग्रामीण जल संरक्षण अभियान शुरू
फोटो नंबर-08
अमर उजाला ब्यूरो
सीवन। गांव गोघ में जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को ग्रामीण जल संरक्षण अभियान की शुरुआत हुई। जिला सलाहकार दीपक कुमार ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गांव में पानी की बर्बादी को बंद करना है। उन्होंने बताया कि गांव गोघ में एक ट्यूबवेल है। जिसकी रखरखाव की जिम्मेदारी पंचायत को दी गई है। विभाग ग्राम पंचायत को ट्यूबवेल के रखरखाव के लिए प्रति माह 11 हजार रुपये देता है। ग्राम पंचायत द्वारा नलकूप चलाने के लिए पंप चालक की नियुक्ति स्वयं करनी होती है और उसका वेतन भी स्वयं देना होता है। इसके अलावा पाइप लाइन का रखरखाव ग्राम पंचायत द्वारा किया जाता है। जिला सलाहकार ने बताया कि गांव गोघ में लोग पीने के पानी को सब्जी की खेती में उपयोग करते हैं। इसके लिए विभाग में दो टीमें गठित की गई है जो सारे गांव का सर्वे करेगी और एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट देगी कि कितने लोग पीने के पानी का सब्जी की खेती में उपयोग करते हैं। उन पर विभाग की ओर से कार्रवाई की जाएगी।