पुलिस भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 23 को
कैथल। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आगामी 23 दिसंबर को प्रात:कालीन एवं सायं कालीन सत्रों में पुलिस विभाग के पुरुष सिपाही (जनरल ड्यूटी) पदों के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन होगा। जिसके लिए डीसी धर्मवीर सिंह ने परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में दंड प्रक्रिया नियमावली की धारा 144 के तहत पांच या इससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर पूर्ण रूप से पाबंदी लगाने के आदेश जारी किए हैं।
आदेशों के तहत जिला में स्थित परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में 23 दिसंबर को सुबह 10 से सायं 5 बजे तक पांच या इससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर पाबंदी रहेगी। इसी दिन इन परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में स्थित फोटोस्टेट की दुकानें भी बंद रहेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 दिसंबर को प्रात: कालीन सत्र में सुबह साढ़े 10 बजे से 12 बजे तक तथा सायं कालीन सत्र में 3 बजे से सायं साढ़े 4 बजे तक इन पदों हेतू लिखित परीक्षा आयोजित करवाई जाएगी। यह आदेश परीक्षा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों व पुलिस बल के जवानों पर लागू नहीं होंगे।
परीक्षा के लिए एसडीएम होंगी नोडल अधिकारी : परीक्षा के लिए एसडीएम कमलप्रीत कौर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। डीसी द्वारा ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं। यह संबंधित अधिकारी 23 दिसंबर को सुबह साढ़े 8 बजे तथा दोपहर 1 बजे जिला खजाना कार्यालय से प्रश्न पत्रों के सील बंद पैकेट प्राप्त करके उनको अलाट किए गए परीक्षा केंद्रों पर पहुंचाना और वापसी में उत्तर पुस्तिका प्राप्त करके उपमंडल अधिकारी (नागरिक ) कैथल के कार्यालय में जमा करवाना सुनिश्चित करेंगे। यह अधिकारीगण पूरे समय परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करेंगे। लिखित परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए 22 दिसंबर को दोपहर 1 बजे लघु सचिवालय के सभागार में नोडल अधिकारी तथा उप मंडलाधीश कमलप्रीत कौर व जिला शिक्षा अधिकारी जोगिंद्र हुड्डा संयुक्त रूप से बैठक आयोजित करेंगे। इस बैठक में परीक्षा केंद्र अधीक्षक व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहेंगे।