अध्यापकों को समझ के साथ पढ़ाने की बारीकियां सिखाई
फोटो नंबर-14
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। खंड संसाधन के सभागार में प्राथमिक शिक्षकों के पांच दिवसीय अध्यापक प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन डॉ. विजय चावला ने अध्यापकों को कक्षा-कक्ष में समझ के साथ पढ़ाने की बारीकियां सिखाई।
चावला ने शिविर में अनुमान लगाना, पूर्व ज्ञान से जुड़ाव, प्रश्नों के जवाब देना, मस्तिष्क में छवियां बनाना, रोल प्ले, पाठ का चित्रीय संयोजन, प्रश्न पूछना, सार संकलन करना, स्व आकलन करना आदि के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्होंने अध्यापकों को बताया हिंदी भाषा शिक्षण के लिए कक्षा-कक्ष में पठन की रणनीतियों का प्रयोग करते हुए बच्चों को हिंदी पढ़ाना चाहिए। कक्षा कक्ष में अध्यापक प्रवाहपूर्ण पढ़कर, साझा पठन करके, समवेत पठन करके मार्ग दर्शनयुक्त पठन करके, जोड़ों में पठन करके व स्वतंत्र पठन के माध्यम से बच्चों को पढ़ाया सकता है। इसके पश्चात अध्यापकों के द्वारा ग्रुप में सरल पठन सामग्री तैयार की गई। गणित अध्यापक मुकेश वधवा ने इसके उपरांत खेल विधि के द्वारा किस प्रकार गणित का शिक्षण किया जा सकता है का ज्ञान प्रदान किया। सत्र के मध्य में खंड शिक्षा अधिकारी रति राम शर्मा ने भी अध्यापकों को प्रशिक्षण शिविर की महत्ता व राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण के बारे में विस्तार से बताया । इसके उपरांत संपर्क फाउंडेशन के संदीप व निर्मल ने अंग्रेजी शिक्षण की टिप्स अध्यापकों को दिये। इस अवसर पर अनिल छाबड़ा प्रधानाचार्य व खंड संसाधन केंद्र कैथल से दिनेश कुमार मौजूद रहे।