सामाजिक संस्थाओं ने अटूट लंगर चला परीक्षार्थियों को करवाया भोजन
ग्रुप डी की परीक्षा को लेकर समाज सेवी संस्थाए कर रही सराहनीय कार्य
फोटो नंबर-03 व 15
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। ग्रुप डी की परीक्षा के दौरान अमर उजाला की ओर से चलाई गई मुहिम के तहत कई सामाजिक संस्थाओं ने लंगर की व्यवस्थाएं कर एक सराहनीय कार्य की शुरुआत की। इसके तहत गुरुद्वारे से लेकर अन्य कई सामाजिक संगठनों ने अपनी भागेदारी सुनिश्चित करते हुए परीक्षार्थियों के लिए अटूट लंगर की व्यवस्था की। जो सुबह सात बजे से ही शुरू हो गई। परीक्षार्थियों की भोजन व्यवस्था करने वालों में श्री नीम साहिब गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, कृपाल आश्रम, ब्राह्मण सभा सहित अन्य कई सामाजिक संगठन शामिल रहे। इसके साथ ही रात के समय समाजसेवी विक्की गोयल की ओर सेे रेलवे स्टेशन पर नमकीन चावल भी बांटे गए।
शाम को ही पहुंचे परीक्षार्थी, रहने व खाने की दी सुविधा : शहर के डोगरा गेट पर स्थित श्री नीम साहिब गुरुद्वारा में शुक्रवार देर शाम से ही परीक्षार्थी अपनी परीक्षा देने के लिए पहुंच गए। जिसके बाद गुरुद्वारा कमेटी की ओर से उन्हें बिस्तर व सोने के लिए स्थान उपलब्ध करवाया और बाद में उन्हें रात के समय का भोजन व सुबह के समय चाय व नाश्ता भी करवाया गया। जिसके बाद सभी अपनी अपनी परीक्षा देने के लिए परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे।
इसके साथ ही सीवन रोड पर स्थित ब्राह्मण धर्मशाला की ओर से रहने व खाने की व्यवस्था बिल्कुल निशुल्क की गई। खास बात यह रही कि महिलाओं के ठहरने के लिए यहां पर अलग से व्यवस्था करवाई गई थी। सभा के रामपाल सिरटा ने बताया कि सबसे बड़ी मानव सेवा किसी भूखे को भोजन करवाना है। जिसके तहत सभा व समाज की ओर से यह कदम उठाया गया।
कृपाल आश्रम के सदस्यों ने पांच हजार से अधिक को खिलाया खाना : अमर उजाला मुहिम के तहत प्रताप गेट पर स्थित कृपाल आश्रम के सदस्यों की ओर से कुरुक्षेत्र रोड बाईपास स्थित गुरु के अटूट लंगर चलाया गया। जिसके तहत आश्रम की कई महिलाओं ने निस्वार्थ भाव से सेवा करते हुए पूरियां व रोटियां बनाई। आश्रम के सदस्य गुलशन नंदा ने बताया कि आश्रम की ओर से करीब दो हजार विद्यार्थियों के भोजन की व्यवस्था की गई थी। लेकिन बाद में यह दोनो शिफ्टों के पेपर में पांच हजार सेे भी अधिक हुई। परीक्षार्थियों को लंगर में आलू पूरी, रोटी, चाय व रस की प्रसाद वितरित किया गया। इस अटूट लंगर की सेवा में 40 से अधिक सेवादारों ने अपनी सेवा दी। जिसमें महेंद्र सीकरी, कमल, भगवान दास, लक्की गुलाटी सहित अन्य सेवादार मौजूद रहे।