67 युवाओं को व्यवसाय के लिए दिया ऋण
कैथल। हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा गत एक अप्रैल 2017 से अब तक जिला केे 67 युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 46 लाख 46 हजार रुपये का ऋण उपलब्ध करवाया है, जिसमें 4 लाख 95 हजार रुपये अनुदान राशि है। गत अगस्त माह के दौरान 28 युवाओं को 15 लाख 70 हजार रुपये ऋण उपलब्ध करवाया गया, जिसमें एक लाख 95 हजार रुपये अनुदान राशि है।
डीसी सुनीता वर्मा ने बताया कि हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा अनुसूचित जाति के युवाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए ऋण उपलब्ध करवाया जाता है। जिला में वर्तमान वित्त वर्ष के दौरान अब तक पशुपालन के लिए 37 युवाओं को 18 लाख 50 हजार रुपये का ऋण प्रदान किया गया है। इसमें 1 लाख 85 हजार रुपये अनुदान राशि है। भेड़ पालन के लिए दो लाभार्थियों को एक लाख 60 हजार रुपये का ऋण उपलब्ध किया गया है, जिसमें 20 हजार रुपये अनुदान राशि है। व्यापार क्षेत्र में 24 युवाओं को 13 लाख 86 हजार रुपये का ऋण उपलब्ध करवाया गया है, जिसमें 2 लाख 35 हजार रुपये अनुदान राशि है। इसके अतिरिक्त 4 लाभार्थियों को एनएसएफडीसी योजना के तहत 8 लाख रुपये का ऋण प्रदान किया गया है।