मांगें पूरी नहीं हुई तो रोडवेज कर्मचारी दोबारा अपनाएंगे आंदोलन का रास्ता
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। हरियाणा रोडवेज बचाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर रोडवेज कर्मचारियों ने प्राइवेट पॉलिसी के खिलाफ मंगलवार को बस स्टैंड पर गेट मीटिंग कर दो घंटे का आंशिक प्रदर्शन किया। इस मौके पर रोडवेज कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और वादा खिलाफी का आरोप लगाया। प्रदर्शन की अध्यक्षता रोडवेज यूनियनों के प्रधानों ने संयुक्त की। जिसमें कृष्ण गुलियाणा, मांगे राम, ज्ञान चंद, लखपत राय, महावीर सहित अन्य शामिल रहे। कर्मचारी सुबह 9 बजे वर्कशॉप में एकत्रित हुए जिसके बाद वे वहां से नारेबाजी करते हुए पूरे बस स्टैंड का दौरा करते हुए पूछताछ कार्यालय में पहुंचे।
प्रधान कृष्ण गुलियाण व मांगे राम ने कहा कि सरकार का परिवहन विभाग निजी बसों के परमिट लागू करने को लेकर रोडवेज कर्मचारी नेताओं के साथ तीन बार बातचीत कर चुका है। लेकिन उसके बावजूद भी पुरानी प्राइवेट पॉलिसी के तहत कर्मचारियों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार के साथ बातचीत के बाद कर्मचारियों को 2016-17 की निजी रूटों के नियम को नए सिरे से लागू करने का आश्वासन दिया था। लेकिन उसके बाद भी सरकार अपने फैसले पर खरी नहीं उतरी है जिससे कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने बताया कि वे अपनी मांगो के समर्थन में 13 अगस्त को पानीपत के मतलौडा में परिवहन मंत्री कृष्ण पंवार के आवास का घेराव करेंगे। यदि उसके बाद भी सरकार नहीं चेती तो प्रदेश स्तर पर तालमेल कमेटी की बैठक का आयोजन कर प्रदेश में दोबारा आंदोलन करने का फैसला लेगी। इस मौके पर सर्व कर्मचारी संघ के प्रधान जसबीर सिंह, श्याम लाल कल्याण, सतनाम सिह, सोनू मांडी, धमेंद्र सीवन, विमल शर्मा ग्योंग, रविंद्र, नरेश राणा, आंन्नद शर्मा, धर्मपाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।