कैथल। सोमवार को कोरोना संक्रमण के 51 नए केस सामने आए हैं। लंबे समय बाद जिले में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या सौ के पार पहुंच गई है। इस समय जिले में कुल 154 सक्रिय मामले हैं। इनमें 142 मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में तथा नौ मरीजों नागरिक अस्पताल, एक मरीज शाह अस्पताल, एक मरीज पीजीआई चंडीगढ़, एक जीएमसी पटियाला अस्पताल में चल रहा है।
डीसी डा. संगीता तेतरवाल ने यह जानकारी देते हुए कहा कि आम जन कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कोविड-19 की हिदायतों का पालन करें। बाहर जाते समय मास्क जरूर लगाएं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बताया कि जिले में 14 हजार 707 कोरोना के मरीजों में से 14 हजार 181 मरीज ठीक हो चुके हैं। जिले में सभी पीएचसी व सीएचसी केंद्रों पर कोरोना रोधी वैक्सीन लगाई जा रही है। जिले में अब तक 18 लाख 38 हजार 338 व्यक्तियों का टीकाकरण किया जा चुका है। सोमवार को 1386 व्यक्तियों को कोरोना से बचाव के टीके लगाए।