संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। स्वास्थ्य विभाग का एंटी मलेरिया माह के तहत जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसके तहत अब तक की जांच में लार्वा मिलने पर 490 लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। विभाग ने यह अभियान 25 मई से शुरू किया था और अब चार जुलाई तक जारी रहेगा। विभाग की टीमों ने अब तक चार लाख 15 हजार घरों का डोर-टू-डोर सर्वे किया है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जिले में एक साल के अंतराल के बाद अबक फिर मलेरिया का एक संक्रमित केस मिला है। वहीं, डेंगू व चिकनगुनिया का कोई भी केस इस सीजन में नहीं मिला है जबकि पिछले साल डेंगू के 77 केस मिले थे। डेंगू से बचाव के लिए लोगों को जानकारी दी जा रही है। रविवार को लोगों को ड्राई-डे मनाने के लिए जागरूक किया जाता है। इस दिन जागरूक लोग घरों की सफाई करते हैं।
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी लोगों को सचेत करते हैं कि घरों के बाहर पानी जमा न होने दें, कूलरों की सफाई करें, फ्रिज की ट्रे, गमले व छतों पर रखे पुराने सामान की सफाई करें, ताकि मच्छर पैदा न हो। डिप्टी सिविल सर्जन डाॅ. नीरज मंगला ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में डेंगू और मलेरिया की जांच निशुल्क है और प्राइवेट अस्पताल के लिए 600 रुपये निर्धारित किए गए हैं। अगर कोई लैब संचालक इससे ज्यादा लेता है तो कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील की कि घर के आसपास पानी जमा होो तो उसमें मिट्टी का तेल डाल दें या फिर पानी साफ कर गड्ढे को मिट्टी से भर दें, ताकि मच्छर पैदा न हों।