कैथल। पंचायत चुनाव के बाद शिक्षा विभाग ने स्कूलों में 4.14 करोड़ रुपये से 46 विज्ञान लैब बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। जिले के कई स्कूलों के बच्चे इससे लाभान्वित होंगे। केमिस्ट्री, फिजिक्स और बायोलॉजी की अलग-अलग लैब बनाने की तैयारी है।
समग्र शिक्षा अभियान के तहत और माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के निर्देश पर स्कूलों में ये लैब बनाने के लिए अनुमति मिली है। इस पर खर्च होने वाला बजट भी विभाग की ओर से जारी किया जा चुका है। प्रत्येक लैब के निर्माण पर विभाग की ओर से नौ लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। फिलहाल 46 लैबों के निर्माण की तैयारी है। जिले के छह ब्लॉकों के विभिन्न स्कूलों में इनका निर्माण किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने चार करोड़ 14 लाख रुपये का बजट बनाया है। लैब निर्माण के लिए जगह स्कूलों की ओर से उपलब्ध करवाई जाएगी, लेकिन इनमें विद्यार्थियों के प्रशिक्षण के दौरान प्रयोग होने वाले सभी उपकरण और सामान विभाग उपलब्ध करवाएगा। विज्ञान विषय शिक्षक ही बच्चों को इनमें प्रायोगिक प्रशिक्षण देंगे।
यहां बनाई जानी है लैब
लैबों का निर्माण चीका, गगड़पुर, अरनौली, पीडल, अगौंध, कमालपुर, कैलरम, बलबेहड़ा, पट्टी अफगान, चंदाना, ढांड, कसान, कांगथली, शेरगढ़, कलायत, बात्ता, चौशाला, ढुंढवा, कौलेखां, सीवन, कवारतन, पाबसर, पूंडरी, साकरा, करोड़ा, हाबड़ी, रसीना, देबन, धनौरी, गुहणा, सजूमा, पाडला, सिरटा, श्योंमाजरा, चुहड़माजरा, जाजनपुर, कसौर व लैंडरकिमां सहित अन्य स्कूलों में किया जाएगा। समग्र शिक्षा अभियान के जिला परियोजना संयोजक रामनिवास वशिष्ठ ने बताया कि विभाग की ओर से लैब निर्माण की अनुमति मिल चुकी है और बजट भी जारी हो चुका है। जल्द ही लैब बनाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को इसका जल्द लाभ मिल सके।