कैथल। सांघन गांव में मंडी में रखे गेहूं के 45 बैग चोर चोरी करके ले गए। पहले आढ़ती को लगा कि उसके बैग दूसरे आढ़तियों के स्टॉक में मिल गए होंगे, लेकिन जब दूसरों ने गेहूं का उठान कर लिया तो इसके बारे में पता चला। कैथल सदर थाना में दी गई शिकायत में माॅडल टाउन जींद रोड कैथल निवासी हिमांशु ने बताया कि वह आढ़ती है। उसकी राजकुमार तरसेम चंद के नाम से अनाज मंडी कैथल में दुकान है। उसने सांघन अनाज मंडी में गेहूं की खरीद की थी। जमींदारों से 242 बैग खरीद की थी और प्रत्येक बैग में 50 किलो गेहूं थी। सभी बैग अनाज मंडी सांघन में ही इकट्ठे रखे हुए थे। 27 अप्रैल को उसने बैगों की गिनती की तो स्टॉक में से 45 बैग कम मिले। संवाद
शिकायतकर्ता ने कहा कि किसी अज्ञात आरोपी ने उसके 45 बैग गेहूं चोरी कर लिए हैं। उसे 55 हजार रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है। सादर थाना एसएचओ मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।