शुगर फैडरेशन के चेयरमैन से मिल मालिकाना हक दिलाने की मांग
फोटो नंबर-35
अमर उजाला ब्यूरो
गुहला चीका। गांव खरकां के दर्जनों किसान मंगलवार को हरियाणा शुगर फैडरेशन के चेयरमैन सरदार हरपाल सिंह से मिले और गांव में स्थित कस्टोडियन की जमीन कब्जा धारियों को रियायती दरों पर दिलवाने की अपील की। चेयरमैन से मिलने आए किसान अवतार सिंह, हरबंस सिंह, सुरेश कुमार, बखा सिंह उरलाना, तरसेम सिंह रामथली, सुखदेव सिंह आदि ने बताया कि हलका गुहला के गांव खरकां, थेह खरक, हेमू माजरा, रता खेड़ा, अरनौली, सरौला सहित लगभग तीन दर्जन गांवों में कस्टोडियन की सैकड़ों एकड़ जमीन है। सैकड़ों वर्षों से इस जमीन पर काबिज किसानों ने कड़ी मेहनत के बाद इसे खेती लायक बनाया है। किसानों ने बताया कि वे लंबे समय से इस जमीन का रियायती दरों पर मालिकाहक देने की मांग करते आ रहे है। किसानों ने बताया कि रामथली में सैकड़ों एकड़ जमीन का दो हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से किसानों को मालिकाना हक दिया गया है, सरकार उन्हें भी उसी रेट पर मालिकाना हक दे। चेयरमैन हरपाल सिंह ने किसानों को भरोसा दिलाया कि चुनाव के बाद वे इस संबंध में मुख्यमंत्री से बात कर किसानों की समस्या रखेंगे और जिन रेटों पर पहले किसानों को जमीन दी गई है बाकी बचे किसानों को भी उन्हीं रेटों पर जमीन दिलवाने का प्रयास करेंगे।