खुशनुमा माहौल का लोगों ने उठाया लुत्फ
जिला पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सेक्टर 20 में राहगीरी कार्यक्रम का आयोजन
फोटो संख्या-10 से 12
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। जिला पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सेक्टर 20 में आयोजित राहगीरी कार्यक्रम अपनी राहें अपनी आजादी में शहर वासियों ने मस्ती के पलों का आनंद उठाया। बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से लोगों का भरपूर मनोरंजन किया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कबड्डी में भी खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। क्रिकेट व बैडमिंटन में पुलिस अधीक्षक के साथ अन्य अधिकारियों ने भी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
एसपी वसीम अकरम ने कलायत के उपमंडलाधीश जगदीप सिंह तथा अन्य पुलिस के उच्च अधिकारियों के साथ दीप प्रज्ज्वलन से राहगीरी कार्यक्रम का शुभारंभ किया। एडीसी सतबीर सिंह कुंडु ने भी इस कार्यक्रम में शिरकत की। शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टर 20 में आयोजित राहगीरी कार्यक्रम में सेक्टर वासियों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया तथा यहां पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों व खेल गतिविधियों को भरपूर लुत्फ उठाया। एसपी ने अन्य अधिकारियों के साथ मंच के सामने बैठकर बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए शानदार नृत्यों का आनंद उठाया और इन कलाकारों का हौसला भी बढ़ाया।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक रामकुमार, जोगेंद्र श्योराण, कृष्ण कुमार व प्रमोद कुमार, कोच राजीव, कैथल साइकिल क्लब के प्रतिनिधि सहित अन्य विभागों के अधिकारी, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
लव डांस अकादमी की पूर्वी शर्मा ने पंजाब की संस्कृति की झलक बिखेरते हुए पंजाबी नृत्य प्रस्तुत किया। सौम्या ने मैं घूम-घूम देखूं सारा हरियाणा हरियाणवी गीत पर शानदान नृत्य प्रस्तुत करके दर्शकों को तालियां बजाने पर विवश कर दिया। इसके उपरांत राहगीरी कार्यक्रम की अगली कड़ी में पारंपरिक खेल कबड्डी में जाट कॉलेज तथा जिला पुलिस के खिलाड़ियों में कांटे का मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए अपना दमखम दिखाया। इस मैच में दोनों ही टीमों का पलड़ा आखिर तक बराबरी पर रहा, लेकिन आखिरी समय में जाट कॉलेज के खिलाड़ियों ने मैच जीता।
अधिकारियों ने क्रिकेट के मैच में अपने बल्लेबाजी के हुनर का प्रदर्शन किया और बॉल को चारों तरफ दौड़ाया। बैडमिंटन में भी अधिकारियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया तथा हर खिलाड़ी अपना बेहतर प्रदर्शन करते नजर आया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर एसपी ने प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।