अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के दूसरे दिन जिला मुख्यालय के 15 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा के कारण शहर में पीओएस मशीन के माध्यम से लेन-देन व मोबाइल नेटवर्क बुरी तरह से प्रभावित रहा। लगातार कॉल के डिस्कनेक्ट के होने के कारण जहां लोग परेशान रहे। वहीं पॉज मशीनों के काम ना करने के कारण परीक्षा केंद्रों के आस-पास व्यापारिक प्रतिष्ठानों व पेट्रोल पंपों पर काम-काज प्रभावित रहा।
जैमर के कारण हुई ज्यादा परेशानियां:-शहर में 15 स्कूल-कॉलेजों में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जिनमें अधिकतर अंबाला रोड व करनाल रोड पर स्थित थे। इसके अलावा ढांड रोड, अंबाला रोड बाईपास के नकिट के क्षेत्र में परीक्षा केंद्र थे। इन परीक्षा कें द्रों में नकल रोकने के लिए जैमर लगाए हुए थे। जैमर के कारण परीक्षा केंद्र के अंदर तो मोबाइल का प्रयोग बंद हुआ ही। साथ में बाहर भी लोगों के लिए परेशानी बनी रही। शहरवासी दिनेश कुमार, कमल कुमार, रोहताश ने बताया कि रविवार को परीक्षा के चलते मोबाइल नेटवर्क प्रभावित रहा। बार-बार कॉल कटती रहीं। जिससे उन्हें काफी दिक्कतें आईं।
पेट्रोल पंपों पर काम नहीं कर रहीं थीं पॉज मशीनें:-सरकार के कैशलेस बढ़ावा देने की योजना के चलते काफी सारे लोगों को पेट्रोल व डीजल एटीएम कार्ड के माध्यम से खरीदने की आदत हो गई है। लेकिन पिछले दो दिनों से कार्ड के माध्यम से उन पेट्रोल पंपों से पेट्रोल व डीजल नहीं खरीदा जा सका, जो परीक्षा केंद्रों के निकट थे। जाट स्कूल के सामने पेट्रोल पंप संचालक दीक्षित गर्ग ने बताया कि हर रोज 50 से 60 लोग कार्ड के माध्यम से पेट्रोल व डीजल खरीदने के लिए आते हैं। लेकिन दो दिनों से ही पॉज मशीन काम नहीं कर रही। इसका नेटवर्क जैमर के कारण जाम हो गया। कई लोग बिना तेल डलवाए ही वापिस लौट गए। यही हाल अंबाला रोड पर रहा।
दूसरे दिन 424 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित:-दूसरे दिन की परीक्षा में रविवार को सुबह के सत्र में 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए। जिनमें 4588 उम्मीदवारों में से 257 अनुपस्थित रहे। कड़ी सुरक्षा के बीच 4331 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। इसी तरह से संध्यकालीन सत्र में 14 परीक्षा केंद्रों में 4368 उम्मीदवारों में से 4201 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। 167 उम्मीदवार गैर हाजिर रहे।
परीक्षा की नोडल अधिकारी कैथल उपमंडलाधीश कमलप्रीत कौर ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह से शांतिपूर्वक रही। कई जगह निरीक्षण किया गया। परीक्षा के दौरान कोई भी नकल का केस नहीं बना है। केंद्रों पर सुरक्षा के दृष्टिगत पीसीआर लगाई गई व चैकिंग भी की गई। परीक्षा से पूर्व सभी परीक्षार्थियों की बायोमीट्रिक उपस्थिति व सुरक्षा चैकिंग की गई।
गेटों पर हुई गहन चैकिंग:-परीक्षा के केंद्रो के प्रवेश द्वार पर कड़ी सुरक्षा की गई। जहां परीक्षार्थियों को गहन तलाशी के बाद अंदर जाने दिया गया। परीक्षार्थियों को अपने साथ रंगीन एडमिट कार्ड, काला अथवा नीला बॉल पैन, कंफर्मेशन पृष्ठ तथा पहचान पत्र लेकर जाना पड़ा। गेटों पर ही उनके दस्तावेजों की चैकिंग की गई और अन्य प्रकार की सुरक्षा संबंधित जांच की गई।
केंद्रो के बाहर रही जाम की स्थिति:-हरियाणा पात्रता परीक्षा केद्रो कें बाहर पूरा समय जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान करनाल रोड स्थित आई महिला कॉलेज, जाट कॉलेज व एचसीएम कैंपस के बाहर जाम लगा रहा। जिस कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
एचटेट की परीक्षा से बंद हुई शहर में अधिकतर पॉज मशीन, ऑनलाइन लेन-देन में आई परेशानी
सबसे ज्यादा परेशानी पेट्रोल पंपों पर आई, जहां कार्ड स्वाईप करके नहीं डाला जा सका पेट्रोल
परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए जैमरों के कारण परेशानी
आस-पास के एरिया में मोबाइल नेटवर्क भी रहा प्रभावित, लोगों को दिक्कतें
दूसरे दिन 15 केंद्रों पर करीब 4800 उम्मीदवारों की परीक्षा, एसपी व एसडीएम ने किया निरीक्षण
फोटों नंबर-1 से 10