मोबाइल एप की मदद से भरे जाएंगे सड़कों के गड्ढे
सड़कों को जिओ टैगिंग कर मोबाइल एप तैयार किया
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। अब मोबाइल एप की मदद से प्रदेश की सड़कें गड्ढा मुक्त होंगी। इसके लिए प्रदेश की सभी सड़कों को जिओ टैगिंग करके मोबाइल में डालते हुए एक मोबाइल एप तैयार किया गया है, जिसे हरपथ हरियाणा नाम दिया गया है। एप में राज्य की प्रत्येक सड़क को न केवल संबंधित विभाग से जोड़ा गया है, बल्कि संबंधित इंजीनियरों को भी इसमें टैग किया गया है। हालांकि राष्ट्रीय राजमार्ग की सड़कें अभी इस जिओ टैगिंग में नहीं हैं।
डीसी सुनीता वर्मा ने बताया कि सरकार द्वारा सड़कों को दुरुस्त रखने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की तुरंत मरम्मत करने के उद्देश्य से हरपथ हरियाणा मोबाइल एप बनाया गया है। इस मोबाइल एप को स्मार्ट फोन में प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। डिजिटल हरियाणा की टीम द्वारा प्रदेश के शहरी स्थानीय निकाय विभाग, लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें), हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड तथा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की सभी सड़कों को जिओ टैगिंग करके इस एप में शामिल किया गया है।
दो सप्ताह में करना होगा निराकरण : कोई भी जिलावासी सड़क में गड्ढे दिखाई देने पर अपनी वर्तमान लोकेशन पर खड़े होकर अपने मोबाइल से तुरंत क्षतिग्रस्त सड़क की फोटो लेकर इस एप पर पोस्ट कर सकता है। पोस्ट करते ही यह सूचना संबंधित अधिकारी और इंजीनियर तक पहुंच जाएगी। इसके बाद इस शिकायत का दो सप्ताह के अंदर निराकरण करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।
सरकार द्वारा यह निर्धारित किया गया है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा भले ही क्षतिग्रस्त सड़क की कारपेंटिंग न की जाए, लेकिन गड्ढों को भरकर उस सड़क को चलने योग्य बनाया जाए।