सरकारी अध्यापकों को पढ़ाया शिक्षा स्तर सुधारने का पाठ
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। डीसी सुनीता वर्मा ने बुधवार को गांव खुराना स्थित एक निजी कंपनी की ओर से चलाए जा रहे सत्या भारती स्कूल का दौरा किया। दौरे के दौरान डीसी ने स्कूल में मिलने वाली सभी सुविधाओं की जांच की। स्कूल में व्यवस्था ठीक मिलने पर डीसी ने यहां पर पहुंचे सभी शिक्षा अधिकारियों की क्लास ली। जिसमें उन्होंने सभी अध्यापकों को सरकारी स्कूलों की स्थिति को सुधारने की बात कही।
उन्होंने सभी कक्षाओं का दौरा किया और वहां पर जांच की। उन्होंने इस प्राथमिक विद्यालय में अध्यापकों द्वारा अपनाई जा रही शिक्षण गतिविधियों की जानकारी हासिल की तथा कक्षाओं में पढ़ा रही अध्यापिकाओं से भी बातचीत की। डीसी ने स्कूल में स्थापित की गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। स्कूल में वाटर हॉर वेस्टिंग सिस्टम व सोलर प्लांट लगवाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी रोबिन सिंह, सुरेश गुलशन, जिला समन्वयक अमित दीक्षित सहित अन्य संबंधित प्रधानाचार्य, शिक्षक व ग्राम पंचायत के सदस्य मौजूद रहे।
व्यवस्थाओं के साथ बच्चों की लेखन प्रकिया हो शुरु : स्कूल के दौरे के दौरान डीसी जब प्रदर्शनी कक्ष में बच्चों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों को देख रही थी तो उन्होंने प्रबंधक समिति के सदस्यों से इस पर कहा कि वे बच्चों की लेखन प्रक्रिया को और अधिक सुधारें। जिससे उन्हें बड़ी कक्षाओं में शिक्षा ग्रहण करने मौका मिले। उन्होंने कहा कि आजकल बच्चों की लिखाई के स्तर में गिरावट हुई है। तकनीक के इस युग में बच्चे मोबाइल व कम्प्यूटर पर ही लेखन का कार्य करना पसंद करते हैं।
लक्ष्य को निर्धारित समयावधि में प्राप्त करें : डीसी सुनीता वर्मा ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे सरकार द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए तय किए गए लक्ष्य को निर्धारित समयावधि में प्राप्त करें। सभी शिक्षक अन्य अच्छे स्कूलों की शिक्षण तकनीकों का अध्ययन करके उन्हें अपने स्कूल में लागू करें तथा विद्यार्थियों में सृजनात्मकता को भी बढ़ावा दें। डीसी ने जिला शिक्षा अधिकारी शमशेर सिरोही व अन्य सरकारी स्कूलों के प्राचार्यों व शिक्षकों को प्रभावी शिक्षण तकनीक को जानकर अपने स्कूलों में लागू करने को कहा।
-डीसी ने किया गांव खुराना स्थित प्राईवेट स्कूल का दौरा
फोटो नंबर-9 से 11