महिला का एटीएम कार्ड बदलकर खाते से उड़ाए 70 हजार
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। एटीएम कार्ड बदलकर महिला से 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में अग्रसेन कॉलोनी निवासी महिला संतोष भारद्वाज ने बताया कि 28 जून को करीब एक बजे वह छोटूराम चौक पर लगी एटीएम से पैसे निकालने गई थी। उसने अपने एटीएम कार्ड से 10 हजार रुपये निकाल लिए। जब वह और अधिक पैसे निकाल रही थी तो मशीन ने पैसे नहीं दिए। वहीं पर पास खड़े दो युवकों में से एक युवक ने कहा कि वह पैसे निकाल कर देता है। तभी उस युवक ने एटीएम कार्ड बदल लिया और उसको दूसरा एटीएम कार्ड दे दिया। करीब तीन बजे उसके फोन पर मैसेज आया कि उसके खाते से तीन बार में करीब 70 हजार रुपये निकाले गए हैं। एएसआई साहब सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।