कैथल। बिजली निगम अब विशेष अभियान चलाकर लंबे समय से बिल न भरने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटेगा। इस कार्रवाई के लिए निगम ने 27 टीमें बनाई हैं, जो घर-घर जाकर कनेक्शन काटने का काम करेंगी। जिले में 37,681 उपभोक्ताओं का कुल बकाया 133 करोड़ रुपये है और इन्हें डिफॉल्टर घोषित किया जा चुका है।
एसई सोमबीर भालोठिया ने बताया कि कैथल डिवीजन में सबसे ज्यादा डिफॉल्टर हैं, जिनका बकाया 75 करोड़ 31 लाख रुपये है। पूंडरी डिवीजन में 14,526 उपभोक्ताओं का 31 करोड़ 46 लाख रुपये बकाया है। गुहला-चीका क्षेत्र में 3,410 उपभोक्ताओं पर 26 करोड़ 50 लाख रुपये का बकाया है। अधिकांश डिफॉल्टरों पर लाखों की राशि बकाया है।
निगम ने स्पष्ट किया है कि अगर कोई उपभोक्ता बकाया बिल चुका देता है तो उसका कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। इस कार्रवाई में एसडीओ, जेई और लाइनमैन शामिल रहेंगे।
सरचार्ज योजना का लाभ नहीं उठाया
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ने डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के लिए सरचार्ज माफी योजना लागू की थी, जिसमें ब्याज माफ किया गया। योजना के तहत घरेलू, व्यवसायिक, औद्योगिक और कृषि उपभोक्ताओं को राहत दी गई। 19,517 उपभोक्ताओं ने इसका लाभ उठाया और निगम ने 19 करोड़ 92 लाख रुपये वसूले। करीब 6 करोड़ रुपये का ब्याज माफ किया गया। बाकि उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ नहीं लिया।
10 हजार रुपये से अधिक बकाया वालों पर कार्रवाई शुरू
निगम की टीम ने शुरुआत 10 हजार रुपये से अधिक बकाया वाले उपभोक्ताओं पर की है। जिले में 3,72,000 उपभोक्ता हैं। गुहला, सीवन, कलायत, राजौंद, पूंडरी, ढांड और कैथल ब्लॉक के 293 गांवों में बिजली सप्लाई होती है, जिनमें 284 गांवों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध है। शेष चार गांवों में 24 घंटे बिजली देने का काम जारी है। मार्च तक सभी गांवों में 24 घंटे बिजली देने का लक्ष्य है।
बकाया बिल जल्द भरें: सोमबीर भालोठिया
बिजली निगम कैथल के एसई सोमबीर भालोठिया ने डिफॉल्टर उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने बकाया बिल का भुगतान करें। बकाया बिल न भरने पर कार्रवाई के लिए टीम फील्ड में उतर गई है।