कैथल। कुछ लोगों ने चौशाला गांव के एक युवक को ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर उससे 36.78 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने फर्जी आधार कार्ड से खोले गए खाते में युवक से रुपये डलवा लिए।
इसके बाद उन्होंने न तो युवक को विदेश भेजा और न ही उसके रुपये वापस किए। पुलिस ने युवक की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। चौशाला गांव निवासी राजेश कुमार ने कलायत थाने को दी शिकायत में बताया कि वह अपने भतीजे विक्रम को आस्ट्रेलिया भेजना चाहता था। इसके लिए उसने नोएडा में रहने वाले मयंक और सिद्धार्थ से बातचीत की। आरोपियों ने उसके भतीजे को 40 लाख रुपये में आस्ट्रेलिया भेजने की बात कही।
मई 2024 में आरोपियों ने उससे अलग-अलग समय में 36 लाख 78 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद दोनों आरोपियों ने करनाल के बल्ला गांव निवासी भूपेंद्र गांव लखनौती, सहारनपुर, यूपी निवासी प्रवीन के साथ मिलकर उसे साथ ठगी कर ली। आरोपियों ने उससे जिस खाते में रुपये डलवाए, वह फर्जी आधार कार्ड पर खुलवाया गया था।
जब उसे इसके बारे में पता चला और आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे पैसे वापस देने से मना दिया। इस संबंध में उसने आरोपियों के साथ गांव बल्ला में पंचायत भी। अब आरोपी पैसे मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद