33-कैथल। जिला नागरिक अस्पातल में जांच के लिए सैंपल लेते हुए स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : Kaithal
जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। हर दिन बढ़ी संख्या में संक्रमित मरीज सामने आ रहे हैं। वीरवार को भी शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में एक ही दिन में 96 कोरोना संक्रमित व्यक्ति पाए गए।
जिले में अब सक्रिय संक्रमितों की संख्या बढ़कर 308 हो गई है। अब तक जिले में 4996 संक्रमित व्यक्ति पाए जा चुके हैं। इनमें से 4614 ठीक हो चुके हैं। वीरवार को भी 80 व्यक्ति ठीक हुए हैं। 75 व्यक्तियों की मौत हो चुकी है।
कोरोना की शुरूआत से लेकर अब तक जिले में 1649 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। इनमें से 1224 जोन को समाप्त किया जा चुका है। अब जिले में 425 एक्टिव जोन हैं। अब मिलने वाले ज्यादातर संक्रमित मरीजों को होम आइसोलेट किया जा रहा है।
---
1748 व्यक्तियों को लगाई गई वैक्सीन
वीरवार को जिले में 22 स्थानों पर वैक्सीनेशन का कार्य किया गया। कोरोना महामारी से बचाव के लिए 1721 व्यक्तियों को वैक्सीन का पहला टीका लगाया गया। इसके अलावा 27 व्यक्तियों ने दूसरा टीका लगवाया। सबसे ज्यादा टीकाकरण पूंडरी सीएचसी में किया गया। यहां 281 व्यक्तियों को पहला और एक व्यक्ति को दूसरा टीका लगाया गया। सिविल सर्जन डॉ. ओमप्रकाश ने जिलावासियों से अपील की कि महामारी से बचाव के लिए निर्धारित किए गए नियमों का पालन करें। मास्क और सैनिटाइजर का प्रयोग करें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें, ताकि सामाजिक दूरी बनी रहे। उन्होंने कहा कि जिले के लोग ज्यादा से ज्यादा संख्या में वैक्सीन लगवाएं।
कलायत में 16 नए संक्रमित मिले
कलायत। कलायत क्षेत्र में वीरवार को 16 कोरोना संक्रमित व्यक्ति सामने आए हैं। एसएमओ डॉ. प्रगति सिंह ने बताया कि कोरोना महामारी से क्षेत्र के लोगों के बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग और ज्यादा सतर्क हो गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित लोगों के परिवार और संपर्क में आने वालों की सूची तैयार कर इन्हें कोरोना जांच के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सामाजिक दूरी, फेस मास्क और क्रमवार लोगों को कोरोना वैक्सीन के साथ-साथ जांच के लिए जागरूक किया जा रहा है।