संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। युवक को अमेरिका भेजने के नाम पर तीन आरोपियों ने करीब 35 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव शिमला निवासी रोहित ने शहर थाना में शिकायत दी कि वह विदेश जाना चाहता था। इसके लिए उसने गांव बकनौर जिला अंबाला निवासी मौजूद सरपंच कप्तान, सतीश व बलराज से संपर्क किया। आरोपियों ने उसे अमेरिका भेजने के नाम पर जून 2022 से सितंबर 2022 तक कैथल में 45 लाख रुपये ले लिए। रुपये लेने के बाद आरोपियों ने कहा कि उसका वीजा नहीं लगेगा और वे उसके रुपये लौटा देंगे। मार्च 2023 में जब उसने आरोपियों से रुपये वापस मांगे तो उन्होंने साढ़े नौ लाख रुपये तो वापस कर दिए और बाकी रकम जल्द लौटाने की बात कही।
काफी इंतजार के बाद उसने अपने बाकी रुपये मांगे तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। ऐसा करके आरोपियों ने उससे करीब 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।