संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। विदेश भेजने के नाम पर 3.37 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को काबू किया है। सिंगापुर भेजने का झांसा देकर ठगी करने के इस मामले की जांच इकोनॉमिक सेल प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश की अगुवाई में एएसआई रोहताश सिंह की टीम कर रही थी।
जांच के दौरान गांव बारणा, जिला कुरुक्षेत्र निवासी सुनील रंगा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि गांव हरसौला निवासी राजबीर सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके बेटे की दोस्ती आरोपी सुनील रंगा से थी। आरोपी ने खुद को तथा एक अन्य व्यक्ति दिनेश को विदेश भेजने का काम करने वाला बताया।
उसने कहा कि लुधियाना में उनका कार्यालय है और वह सिंगापुर भेजने की पूरी व्यवस्था करवा देगा। इसके लिए करीब साढ़े तीन लाख रुपये खर्च होने की बात कही गई। आरोपी की बातों में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग तिथियों में फोन-पे और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से आरोपी को पैसे भेजे। 10 फरवरी 2025 को 25 हजार रुपये, 13 फरवरी को 10 हजार रुपये, 4 अप्रैल को 20 हजार रुपये, 29 अप्रैल को 52 हजार रुपये तथा 15 व 16 अप्रैल को बैंक खाते में एक-एक लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। इसके अतिरिक्त टिकट, कपड़े, टैक्सी व अन्य खर्चों के नाम पर भी हजारों रुपये वसूले गए। इस प्रकार कुल 3 लाख 67 हजार रुपये की ठगी की गई।
फर्जी टिकट थमाकर करता रहा गुमराह
आरोपी सुनील रंगा ने शिकायतकर्ता को फर्जी हवाई टिकट थमा दिए और कई बार फ्लाइट होने का झूठा दावा करता रहा। कभी वीजा आने का बहाना बनाया तो कभी फ्लाइट कैंसिल होने की बात कहकर समय टालता रहा। जब टिकटों की जांच करवाई गई तो वे फर्जी पाए गए। इसके बाद जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने धमकियां देना शुरू कर दिया और फोन उठाना भी बंद कर दिया। इस संबंध में थाना तितरम में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लाख 27 हजार रुपये की राशि बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।