संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। चक्कू लदाना गांव स्थित राजकीय महाविद्यालय में शिक्षण ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों को अब जल्द ही महाविद्यालय की नई इमारत मिलने की उम्मीद जगी है।
इमारत निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग ने विस्तृत मसौदा तैयार किया है। इनके अनुसार इमारत बनवाने के कार्य पर विभाग की ओर से करीब 32 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। अधिकारियों ने विस्तृत मसौदा स्वीकृत के लिए उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दिए हैं।
गौरतलब है कि इस कॉलेज के गांव की ग्राम पंचायत ने 13 एकड़ की जमीन दी है। इसी जगह पर नए भवन का निर्माण किया जाएगा। नई इमारत में विद्यार्थियों को बैठने के लिए स्वयं की छह मिलेगी। कमरों के निर्माण के साथ-साथ, पुस्तकालय, सेमिनार हॉल, शौचालय, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए रैंप और अन्य सुविधाएं नई इमारत में उपलब्ध होंगी। इसके अलावा पार्किंग और अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।
फिलहाल चक्कू लदाना के राजकीय महाविद्यालय के विद्यार्थियों की कक्षाएं गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के कमरों में लगाई जा रही हैं। कॉलेज में बीए प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष में करीब 200 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
ऐसे में कॉलेज के विद्यार्थियों को तो परेशानियों का सामना करना पड़ ही रहा है, साथ में स्कूली विद्यार्थियों को भी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता जगबीर सिंह ने बताया कि विभाग ने कॉलेज की इमारत निर्माण से संबंधित प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए डिटेल एस्टीमेट बनाए गए हैं, जल्द ही इन्हें उच्चाधिकारियों से स्वीकृत करवाने का प्रयास है। स्वीकृति मिलते ही अन्य औपचारिकताओं को पूरा करते हुए टेंडर प्रक्रिया शुरू करवाई जाएगी। विभाग इस कार्य को भी जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास करेगा।