सारे फेल मिलाकर न कभी मेरिट बनी है, न बनेगी : इंद्रेश
आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार ने साधा महागठबंधन पर निशाना, कहा-महागठबंधन के सभी नेता फेल, मेरिटोरियस मोदी का नहीं कर सकते मुकाबला
फोटो संख्या-1
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा कि सारे फेल मिलाकर न तो कभी मेरिट बनी है और न ही बनेगी। देश में महागठबंधन के सभी नेता फेल हैं और वे मेरिटोरियस मोदी का मुकाबला नहीं कर सकते। देश की जनता देश में मजबूत और सशक्त सरकार बनाएगी। जींद उप-चुनाव ने देश की जनता का मूड बता दिया है। वे कैथल में अपने भाई हरियाणा वन विभाग में चेयरमैन अरुण सर्राफ के आवास पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
इंद्रेश ने कहा कि 9 फरवरी 2016 को जेएनयू जैसे शिक्षण संस्थान में कई नौजवानों ने देश विरोधी नारे लगाए थे। जिससे हमारे शहीदों की आत्मा छलनी हो गई थी। मीडिया के चंद लोगों ने भी देश विरोधी इस गतिविधि में पूरा सहयोग किया। राहुल गांधी या फिर लेफ्ट जैसे दलों ने भी इस मुद्दे पर राष्ट्र विरोधी आचरण दिखाया था। पीएम नरेंद्र मोदी के अरुणाचल प्रदेश दौरे पर चीन की प्रतिक्रिया पर इंद्रेश ने कहा कि देश की जनता चीन को बिना किसी हथियार व गोला बारूद के उसके उत्पादों का बहिष्कार करके जवाब दे चुकी है। भाजपा सरकार ने मोदी के नेतृत्व में चीन को डोकलाम में बिना हथियारों के जवाब दिया और अब भी तुरंत विदेश मंत्रालय ने चीन की प्रतिक्रिया का जवाब दे दिया है। कश्मीर में पाक व विदेशी ताकतों की शह पर आम कश्मीरियों तक का कत्ल किया जा रहा है। जहां देश के जवान शहीद हो रहे हैं, वहीं राहुल गांधी व कांग्रेस राफेल का झूठ फैलाकर देश की सेना को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से लाला लाजपत राय के सिर पर लगी एक-एक लाठी अंग्रेजों के कफन में कील साबित हुई थी। उसी प्रकार से राफेल का झूठ कांग्रेस के लिए कफन साबित होगा। अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव के माध्यम से देश की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने का काम किया जा रहा है। पिहोवा सहित कई इलाकों में इस जल स्रोत को पुनर्जीवित करके रोजगार का मार्ग प्रशस्त किया जा रहा है। अर्धकुंभ में सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि वहां सरकार ने अपराध मुक्त, नशा मुक्त, छूआछूत मुक्त देश, गरीबी मुक्त देश का एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनकी राजनेताओं से अपील है कि वे जाति मजहब पर देश को न बांटें। लोग वोट डालते समय देशहित को आगे रखें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के जमाने में कई तरह की भ्रामक खबरें आती हैं। इन खबरों को परखने के लिए लॉन्च किया गया ऋतम एप काफी सफल रहा है। यह समय की जरूरत थी। इस अवसर पर उनके साथ अरुण सर्राफ भी मौजूद थे।