दरकी सड़क व कुलवंत नगर की सीवरेज व्यवस्था का नहीं निकला कोई हल
लोगों के लिए सीवरेज व्यवस्था व दरकी सड़क बन रही सिरदर्द
फोटो संख्या-26
कलायत। नगर के लोगों की सुविधा के लिए बिछाई गई सीवरेज व्यवस्था स्थानीय निवासियों के लिए सिरदर्द बनी हुई है। वार्ड 12 के कुलवंत नगर की मुख्य गली में करीब एक माह से अधिक समय से मुख्य सीवरेज व्यवस्था ठप्प होने से बस्ती के लोगों को नारकीय जीवन जीना पड़ रहा है। सीवर को ठीक करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर एक मेन हाल से दूसरे मेन हाल में सीवरेज का पानी डालने के लिए दो मोटरें डाली हुई हैं। अगर समय रहते इसे दुरुस्त नहीं किया गया तो पूरे नगर की सीवरेज व्यवस्था पर असर पडना तय है। वार्ड के लोगों मा. प्रेम शर्मा, कुलदीप शर्मा, आजाद सिंह, मोहन, नीरज शर्मा, बबली, जिले सिंह, बाबू राम आदि का कहना है कि विभाग द्वारा सीवरेज ठीक करने के नाम पर केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं जबकि हकीकत में काम के प्रति प्रशासन गंभीर नहीं है। एक मेन हाल से दूसरे मेन हाल में सीवरेज का पानी डालने के लिए लगाई गई मोटरें अब 2 दिन से खराब हैं। उनका कहना है कि सीवरेज को आगे से बंद किया हुआ है और दोनों मोटरें अब खराब हो चुकी हैं तो पूरेनगर का गंदा पानी जा कहां रहा है। विभाग किसी बड़े हादसे के इंतजार में है।
जन स्वास्थ्य विभाग के जेई अजय ढुल ने बताया कि सीवरेज व्यवस्था को लेकर अनुमानित राशि का प्रस्ताव भेजा हुआ है। डबल फेस आने के कारण मोटर खराब हो गई हैं जिन्हें बाइडिंग के लिए भेजा गया है। विभाग द्वारा सीवरेज को ठीक करने के लिए पर्याप्त कदम उठाए जा रहे हैं।