माल ढुलाई को लेकर ट्रक यूनियन ने किया प्रदर्शन
फोटो नंबर-26
अमर उजाला ब्यूरो
ढांड। भाईचारा ट्रक यूनियन ने माल ढुलाई को लेकर हैफेड के मेन गेट पर पुराने कुरुक्षेत्र रोड़ पर प्रदर्शन किया। इस दौरान ऑपरेटरों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
ट्रक ड्राइवरों ने आरोप लगाया कि प्रशासन के एक साजिश के तहत उन्हें उजाड़ने का काम किया है। जिससे उन्हें अपने परिवार का गुजारा करना मुश्किल हो गया है। ट्रक यूनियन प्रधान रोशन लाल, सूबे सिंह कौल, जसमेर सिंह जाजनपुर, कृष्ण कुमार, पलविंद्र, औमप्रकाश, भाग सिंह, वकील, राजेश, बलवंत ने बताया कि एफसीआई तथा ढांड मंडी सहित पूरे क्षेत्र से ट्रकों द्वारा माल ढुलाई को काम करते आ रहे हैं। अचानक सरकार ने उनका रोजगार छीनकर किसी अन्य के हाथों में सौंप दिया है। जिससे वो ट्रकों सहित सड़कों पर आ गए हैं। उनका कहना है कि माल ढुलाई के कार्य का टेंडर एक अन्य ठेकेदार को दे दिया गया है। जिससे ठेकेदार अपनी मनमानी करते हुए माल ढुलाई का कार्य बाहर के ट्रकों से करवाने लग गया है। ट्रक ड्राइवरों तथा उनके मालिकों का कहना है कि ढांड मेें रहते हुए बाहर के ट्रकों से कार्य करवाना उनके साथ सरासर अन्याय है। जिसको वो किसी भी सूरत में सहन नही करेंगे। उनका कहना है कि जब तक उन्हें माल ढुलाई का कार्य नही दिया जाता तब तक उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
जब इस बारे में राजन ट्रांसपोर्ट शाहबाद के मालिक राजेश खुराना से बात की तो उन्होंने बताया कि ढांड में ट्रक यूनियन के साथ भाड़े को लेकर कुछ मतभेद चल रहा था। जो आज आपसी बातचीत से दूर हो गया है। भविष्य में उनके साथ मिलजुल कर माल ढुलाई का कार्य करते रहेंगे।