फल्गु मेले में पुरोहितों ने फीस माफ करने की मांग की
4.98 करोड़ की ग्रांट के बाद भी फीके नजर आ रहे है मेला प्रबंध
छुट्टी के चलते मंगलवार को रही काफी भीड़
फोटो संख्या-50 व 51
अमर उजाला ब्यूरो
पूंडरी। फल्गु मेले के आठवें दिन छुट्टी के चलते भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने पावन सरोवर में डुबकी लगाई और पिंडदान करवाकर पूर्वजों के लिए प्रार्थनाएं कीं। वहीं प्रशासन को तीर्थ पुरोहितों के विरोध का सामना करना पड़ा। तीर्थ पुरोहितों ने एकत्रित होकर मेला प्रशासक से मिलकर पुरोहितों पर लगाई जाने वाली 500 रुपये आई कार्ड फीस को जजिया कर करार देते हुए इसे खत्म करने की मांग की। मेला प्रशासक को लिखित दिये मांग पत्र में पुरोहितों ने मांग की कि इस बार मेले पर बाहर से आने श्रद्धालुओं की संख्या काफी कम है। अधिकतर तीर्थ पुरोहित पिछले आठ दिनों से खाली बैठे हुए है और रहने से लेकर खाने पीने का खर्चा की स्वयं कर रहे है। तीर्थ पुरोहित उस समय एकत्रित हो गये जब प्रशासनिक अधिकारियों ने आईडी कार्ड चैक करते हुए पुरोहितों को तीर्थ पर से उठ जाने के लिए कहा। तीर्थ पुरोहित राजेश कुमार, शक्ति शर्मा, राजीव शर्मा, बबलू शर्मा, राजकुमार शर्मा, सुखबीर शर्मा सहित सैकड़ों तीर्थ पुरोहितों ने मेला प्रशासक एसडीएम जगदीप सिंह से मिलकर इस फीस को खत्म करने की मांग की।
मंगलवार को उमड़ी भीड़: छुट्टी होने की वजह से मेल में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। सुबह से शाम तक भारी संख्या में यात्रियों ने तीर्थ में स्नान कर मेले का आनंद उठाया। मेले में तीर्थ पुरोहितों का कार्य फीका दिखाई दिया तो मनोरंजन झूले, जादूगर, मौत कुंआ व अन्य मनोरंजन के साधन वालों ने खूब चांदी बटोरी। सुबह से देर शाम तक मनोरंजन स्थल पर काफी भीड़ दिखाई दी। इसके साथ ढांड-पूंडरी रोड़ पर स्थित मनोरंजन एरिया में जाम की स्थिति भी बनी रही।
मेले में 4.98 करोड़ रुपये की ग्रांट के बाद भी प्रबंधन के इंतजाम फीके:
सरकार द्वारा फल्गु मेले के प्रबंधन व विकास के लिए 4.98 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है, लेकिन प्रबंध फीके नजर आ रहे हैं। सड़कों, गलियों से लेकर मेले में पीने के पानी, अस्थाई शौचालय, ठहरने के प्रबंध, जाम की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, तीर्थ को जोड़ने वाली गलियों व सड़कों पर पर्याप्त लाइट, मनोरंजन स्थल पर गुंडागर्दी से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल, गांव की गलियों में सफाई व्यवस्था के व्यापक प्रबंध नहीं है।
लोक संपर्क विभाग द्वारा करवाया जाता है शाम को यात्रियों का मनोरंजन: लोकसंपर्क विभाग द्वारा रात को यात्रियों का मनोरंजन करवाने के लिए खेल स्टेडियम के मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम किया जा रहा है। जिसमें दूसरो जिलों के कलाकार भी अपनी प्रस्तुती दे रहे हैं। इससे पूर्व हरियाणा कला परिषद द्वारा दो दिनों तक श्री फल्गु मंदिर के सामने लोगों का मनोरंजन करवाया गया।
मेला प्रशासक एसडीएम जगदीप सिंह का कहना है कि तीर्थ पुरोहित अपनी मांग लेकर उनसे मिले थे और लिखित में देकर गये है। जिसके लिए वे डीसी साहब को अवगत करवा देंगे। डीसी साहब के निर्देशों के बाद ही कोई फीस को लेकर कोई फैसला लिया जाएगा। मेले की व्यवस्था के लिए व्यापक प्रबंध है, कोई कमी नजर आती है तो उसे ठीक करवाया जाता है।