मुख्य द्वार के आगे मेन हॉल के लिए सड़क को दोनों तरफ से उखाड़ा, मरीजों को परेशानी
फोटो नंबर-33
अमर उजाला ब्यूरो
सीवन। कस्बा में चल रहे सीवरेज कार्य के दौरान सरकारी अस्पताल के मुख्य द्वार के आगे बनाए गए मेन हॉल के कारण सड़क को दोनों तरफ से उखाड़ दिया गया है। जिससे यहां पर आने वाले मरीजों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अस्पताल गेट के सामने की गई खुदाई के कारण एम्बुलेंस में आने वाले गम्भीर रूप से घायल मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल के अंदर ले जाना भी मुश्किल हो गया है। यदि ठेकेदार पहले एक साइड का कार्य पूरा करने के बाद दूसरी ओर कार्य शुरू करता तो मरीजों व एम्बुलेंस गाड़ी अस्पताल में आराम से आ सकती थी। लेकिन ठेकेदार की मनमर्जी का खामियाजा अस्पताल में आने वाले सैकड़ों मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। वहीं गंभीर रूप से घायल या गर्भवती महिलाएं जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल लाया जाता है उनके लिए चिकित्सक को अस्पताल से बाहर आ कर एंबुलेंस में ही उनका इलाज करना पड़ रहा है या फिर उन्हें कैथल रेफर कर दिया जा रहा है। ठेकेदार की मनमानी को लेकर ग्रामीणों में ठेकेदार व प्रशासन के प्रति भारी रोष है।
ठेकेदार की मनमानी के चलते हो रही परेशानी:-
अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिला सरोज, सुमन, रोशनी, बिमला का कहना है कि अस्पताल के सामने सीवरेज का कार्य मरीजों को ध्यान में रखकर नही किया जा रहा है, दोनों ओर का कार्य एक साथ नही करना चाहिए था। पहले एक ओर कार्य पुरा करने के बाद दूसरी ओर का कार्य करना चाहिए था ताकि अस्पताल में आने वाले मरीजों को मुश्किलों का सामना न करना पड़े। एम्बुलेंस अस्पताल के अंदर न आने के कारण किसी मरीज की जान भी जा सकती है।
नहीं माना ठेकेदार, खोद डाली सड़क:-
सीवन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के एसएमओ डा. बलविन्द्र ने बताया कि उन्होंने ठेकेदार को कहा था कि वह अस्पताल के अंदर एम्बुलेंस आने के लिए जगह छोड़ दे ताकि अमरजेंसी मरीज को सही समय पर उपचार किया जा सके लेकिन ठेकेदार ने उनकी बात पर कोई ध्यान नही दिया और अस्पताल को आने वाले दोनों की रास्तों को खुदार्ई कर पुरी तरह बंद कर दिया है। उन्होंने बताया कि कई मरीजों को तो उन्होंने बाहर एम्बुलेंस में देखना पड़ा।