मुख्यमंत्री जनप्रतिनिधियों से ही करेंगे संवाद, जनता को तो रैली की तर्ज पर करेंगे संबोधित
जनता से सीधे संवाद कार्यक्रम के बीच तीन गांवों में लगाए जाएंगे दो-दो पंडाल
गांव कौल में केवल जनता को संबोधित करेंगे सीएम मनोहर लाल तो ढांड, पाई व हाबड़ी में जनप्रतिनिधियों से भी बातचीत
एक पंडाल में केवल जनप्रतिनिधि, दूसरे में रहेगी आम जनता, प्रशासनिक तंत्र तैयारियों में जुटा
जनप्रतिनिधियों में भी विधायक प्रो. दिनेश कौशिक व संगठन द्वारा चुने हुए लोगों को ही मिल सकता है बोलने का अवसर
दिन भर तैयारियों में जुटा रहा प्रशासन
आज पूंडरी हल्का को 4 भागों में बांटकर 4 गांवों में कार्यक्रमों में पहुंचेंगे मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर
फोटो संख्या-43 व 44
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल, पूंडरी, ढांड, पाई। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर आज पूंडरी में जनता से सीधा संवाद कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। मुख्यमंत्री 4 बड़े गांवों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। साथ ही 3 गांवों में जनसभा स्थल के निकट ही बनाए गए छोटे पंडालों में पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद करेंगे। पंच, सरपंच, ब्लॉक व जिला परिषद सदस्य, चेयरमैन के अलावा सरकार द्वारा नियुक्त विशिष्ट नागरिकों को संवाद स्थापित करने का अवसर मिलेगा। इस कार्यक्रम के लिए दिन भर प्रशासनिक तंत्र तैयारियों में जुटा रहा।
मुख्यमंत्री द्वारा कौल, ढांड, पाई व हाबड़ी में पंचायती राज संस्थाओं के जन प्रतिनिधियों से सीधा संवाद करने के साथ-साथ जनसभाओं को भी संबोधित किया जाएगा। डीसी डा. एसएस फुलिया ने पूंडरी के विधायक प्रो. दिनेश कौशिक, जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर ढांड, एसपी आस्था मोदी, एडीसी पार्थ गुप्ता,एसडीएम कमलप्रीत कौर सहित सभी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जायजा लिया। डीसी एसएस फुलिया ने कहा कि गांव पाई में सीएम मनोहर लाल 8 जून को 25 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से महाग्राम योजना के तहत शुरू की जाने वाली सीवरेज व पेयजल अपग्रेडेशन परियोजना का शुभारंभ करेंगे। पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों से सीधी बात करके विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे तथा जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे। सीएम ढांड में 2.06 करोड़ की लागत से बीडीपीओ कार्यालय व पाई गांव में 25.67 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज पाइप लाइन डालने तथा पेयजल क्षमता बढ़ोतरी परियोजना का शिलान्यास करेंगे।
तीन गांवों में दो-दो पंडाल, पहले कार्यक्रम में केवल जनता को करेंगे संबोधित:-सीएम गांव कौल में पहुंचते ही जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद ढांड, हाबड़ी व पाई में दो-दो पंडाल होंगे। जहां पहले मुख्यमंत्री पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, विशिष्ट नागरिकों से 30 से 45 मिनट के बीच संवाद स्थापित करेंगे। संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री से सवाल करने या समस्याएं बताने के लिए बोलने वाले लोगों की लिस्ट भी पहले ही बना ली गई है। लिस्ट में जिन लोगों का नाम होगा, संभवत: केवल वे ही मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रख पाएंगे। इनमें विधायक प्रो. दिनेश कौशिक सहित भाजपा संगठन द्वारा चयनित सदस्य भी हो सकते हैं। दूसरे पंडाल में जनसभा में आम जनता को मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे।
ये रहेगा शेड्यूल:-
1. 12 बजकर 40 मिनट पर चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केेंद्र में बनाए गए हेलीपैड स्थल पर सीएम का हेलीकॉप्टर लैंड करेगा। इसके बाद कौल गांव स्थित सब यार्ड में जनसभा
2 बजे ढांड विस्तार अनाज मंडी में जनप्रतिनिधियों से बातचीत, इसके बाद जनसभा
4 बजे अनाज मंडी पाई में जनप्रतिनिधियों से बातचीत व इसके बाद जनसभा
6 बजे वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हाबड़ी में जनप्रतिनिधियों से बातचीत व जनसभा।
प्रशासन को हूटिंग का सता रहा है डर, दिन भर चारों गांवों में सक्रिय रहा खुफिया तंत्र
कैथल। चार गांवों में से पाई गांव में विधायक प्रो. दिनेश कौशिक के खिलाफ हूटिंग हो चुकी हैं। प्रशासन को यह डर सता रहा है कि कहीं किसी कार्यक्रम में कोई व्यक्ति सीएम के सामने हूटिंग ना कर दे। इसके लिए सरकारी खुफिया तंत्र सहित पंचायती राज संस्थाओं के अधिकारी व कर्मचारियों के माध्यम से भी गांव में ऐसे लोगों की पहचान का प्रयास किया गया, जो किसी ना किसी जगह विरोध कर सकते हैं।
4 जोन में बांटकर प्रत्येक सरपंच से लिया गया है मांग पत्र : पूंडरी हल्का को 4 जोन में बांटकर प्रत्येक गांव से मांग पत्र लेकर सीएम को दिया जाएगा। इसके लिए मांग पत्र तैयार करवा लिया गया है। सरपंच द्वारा उस गांव क सबसे बड़ी समस्या, कोई बड़ा प्रोजेक्ट या अन्य विकास कार्यों की लिस्ट प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मांगी गई है।
जनप्रतिनिधियों के कार्यक्रम में मंच पर केवल 4 के बैठने की व्यवस्था : सूत्रों ने बताया कि जनप्रतिनिधि संवाद कार्यक्रम में मंच पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर ढांड, विधायक प्रो. दिनेश कौशिक व भाजपा के मंडल अध्यक्ष को ही बैठने का अभी तक कार्यक्रम तय हुआ है। संवाद कार्यक्रम में मंच से किसी का संबोधन नहीं होगा। केवल जनप्रतिनिधियों से सीधी बातचीत होगी।
गांव हाबड़ी में हॉकी अकादमी का शिलान्यास कार्यक्रम दौरे से हटा, खिलाड़ी कर सकते हैं अकादमी की मांग:-गांव हाबड़ी में सीएम द्वारा घोषित हॉकी अकादमी बनाने के लिए शिलान्यास कार्यक्रम सीएम दौरे से हटा दिया गया है। अब गांव के खिलाड़ी मुख्यमंत्री से गांव में शीघ्रता से इस अकादमी के निर्माण कार्य को शुरू करवाने की मांग कर सकते हैं।
30 साल बाद कोई सीएम पाई में आएगा
पाई। शुक्रवार का दिन पाई के लोगों के लिये सौभाग्य दिन होगा। यह वह दिन है जब 30 साल के बाद प्रदेश का कोई मुख्यमंत्री पाई में खुद उनकी समस्याओं को जानने आ रहा है। इससे पहले दिसम्बर 1998 में प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में खुला दरबार लगाकर ग्रामीणों से उनकी समस्याएं सुनी थीं। उस समय पाई में नाम मात्र की ही समस्या थी और चौटाला को गांव के तत्कालीन सरपंच ओमप्रकाश को बधाई देते हुये कहा था कि यह गांव जिसमें समस्या ढूंढने पर भी नहीं मिल रही। अब जब प्रदेश के मुख्यमंत्री गांव में समस्यायें जानने आ रहे है तो ग्रामीण सिलसिले वार अपनी समस्या से मुख्यमंत्री को अवगत करवाना चाहते हैं। गांव को समस्याओं से मुक्ति दिलवाने के लिये सभी पार्टी के लोग एक मंच पर आ रहे है। पाई के पूर्व सरपंच कर्ण सिंह, पूर्व सरपंच ओमप्रकाश, पूर्व सरपंच बलवीर फौजी सहित गांव के अनेक लोग कंधे ये कंधा मिलाकर चल रहे है और मुख्यमंत्री के आव गमन में कोई कसर नही छोड़ रहे हैं।
डीसी एसएस फुलिया व विधायक प्रो. दिनेश कौशिक ने तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने व विधायक दिनेश कौशिक ने लोगों से संयम बनाये रखने की अपील करते हुये कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा गांव में विकास की झड़ी लगाई जाएगी। इस पर गांव के सरपंच धर्मवीर, मार्केट कमेटी पाई के चेयरमैन राजेश, उप चेयर मैन सत्यवान ढुल ने उनको विश्वास दिलवाया कि गांव का कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार की हूटिंग नहीं करेगा।
पाई के लोगों की यह हो सकती है मांग:-
1. सबसे पहले और सबसे बड़ी समस्या गांव में से गंदे पानी कि निकासी।
2. गांव के रांगड़ पटी में राजकीय प्राथमिक विद्यालय खोलने।
3. गांव में सडक़ किनारे पी एच सी को सी एच सी में तबदील करना।
4. गांव में जहां- जहां सीवर डाले जाये गलियों को तुरंत पक्का करना व बाकी की गलियां बनवाना।
5. गांव में नर्सिंग कालेज खोलने की मांग।
6. गांव में प्रधान मंत्री के नारे अनुसार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के तहत महिला कालेज खोलने।
7. गांव में ग्राम सचिवालय व पंचायत भवन बनना।
8. गांव में पहली सरकारों की तर्ज पर 24 घंटे बिजली की सप्लाई देना, जिसके लिये गांव ने बिजली घर के लिये 10 एकड़ जमीन दी हुई है।
9. पाई की अनाज मंडी का विस्तार करना।
10. पाई में मंजूर हुआ स्टेडियम व कबड्डी के लिये मैदान बनाना।
11. पाई को ब्लाक व नगरपालिका का दर्जा देना।
पूंडरी को उपमंडल बनाए जाने की उठ सकती है मांग
ढांड। सीएम हलके में लगभग 20 से 25 नई सडक़ों की सौगात दे सकते हैं। इसके अलावा सामुदायिक केंद्र, व्यायाम शाला, खेल स्टेडियमों, सीवरेज तथा पेयजल के लिए कुछ घोषणाएं की जा सकती है। पूंडरी को सब डिविजन बनाने की मांग हलके की जनता पिछले 10 वर्षों से करती आ रही है। कांगे्रस के शासनकाल में भी तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पूंडरी आगमन पर हलके की जनता विधायक के माध्यम से यह मांग उठा चुकी है। लेकिन उस समय भी लोगों को निराशा ही हाथ लगी। जिसका परिणाम हलके की जनता ने 2014 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को हार के रूप में दिया। अगर इस बार भी मुख्यमंत्री ने हलके के लोगों की आवाज को नही समझा तो जनता का क्या रुख रहेगा यह तो आने वाला समय ही बताएगा।
मुख्यमंत्री आज पूंडरी हलके में, कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां पूरी
फोटो नंबर-29
पूंडरी। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरों को लेकर हलके के चारों बड़े गांवों में तैयारडियां कर ली गई है। मुख्यमंत्री के सीधी बात कार्यक्रम की प्रदेश में शुरूआत ही पूंडरी हलके से की जा रही है। जिस पर पूरे प्रदेश के राजनीतिक लोगों की नजर भी रहेगी कि कार्यक्रम सफल रहते है या फिर कार्यक्रम फ्लाप शो होता है। सीधी बात के तहत हलके के चार बड़े गांव कौल, पाई, हाबड़ी व ढांड के कार्यक्रम रखे गए है, जिनमें से खासकर 3 कार्यक्रमों पाई, हाबड़ी व ढांड में भीड़ जुटाने के लिए हलका विधायक प्रो. दिनेश कौशिक पिछले कई दिनों से दिन रात एक किए हुए है। हलके में 3 जगह पाई, हाबड़ी व ढांड में बड़ी जनसभाएं रखी गई है, जहां पर भीड़ जुटानी है, जिसको लेकर विधायक ने कार्यकर्ताओं के जरिए घर-घर में निमंत्रण कार्ड भेजे हुए है। कार्यकर्ताओं को भी अपने साथ अधिक से अधिक कार्यकर्ता लाने के लिए निर्देश दिए गए है। विधायक हर जनसभा में 7 से 8 हजार लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रहे है। तीनों स्थानों पर ही मुख्यमंत्री पंचायती राज प्रतिनिधियों से भी विकास कार्यों व समस्याओं को लेकर सीधा संवाद करेंगे। विधायक ने कार्यक्रमों की सफलता के लिए अपने निवास पर कार्यकर्ताओं की बैठक ली और उन्हें ड्यूटियां सौंपी। हलके के विकास के लिए गति प्रदान करने के लिए विधायक द्वारा करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का एक मांग पत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा जाऐगा। इस मौके पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पालाराम सैनी, सरपंच प्रतिनिधि रामदिया पिलनी, जोगा सिंह टयौंठा सरपंच, सरपंच प्रतिनिधि गौरव वालिया फतेहपुर, धर्मपाल राणा, श्यामलाल सेन, सोहनलाल पोसवाल, राजकुमार, प्रदीप कुमार, नरेश जाजनपुर, निरंजन टीक, ईश्वर शर्मा, राजबीर ढुल, सतपाल गर्ग, किरणपाल राणा, कप्तान सिंह, कृष्ण सैनी व रामू कश्यप भी मौजूद रहे।
एसडीएम कमलप्रीत कौर ने देर सांय हाबड़ी में तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने यहां अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ तैयारियों को अंतिम रुप दिया और आवश्यक निर्देश दिए।