डीसी के माध्यम से सीएम को ज्ञापन देगा सेवा निवृत्त कर्मचारी संघ
कलायत। सेवा निवृत्त कर्मचारी संघ की बैठक संस्था के प्रधान वेदप्रकाश कपूर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मौजूद कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कपूर ने कहा कि संघ की प्रदेश कार्यकारिणी ने निर्णय लिया है कि अपनी मांगों को लेकर प्रदेश के हर जिला में 4 दिसंबर से लेकर 7 दिसंबर तक धरना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 7 दिसंबर को धरना के बाद सीएम को ज्ञापन सौंपा जाऐगा। मुख्य मांगों के बारे में उन्होंने बताया कि जनवरी 2006 से पहले रिटायर्ड कर्मचारियों पर जनवरी 2008 के फार्मूले के अनुसार पेंशन संशोधित की जाए। 20 वर्ष की सेवा पर पूरी पेंशन जनवरी 2008 से लागू की जाए। 65 वर्ष की आयु के बाद हर पांच साल में 5-5 प्रतिशत पेंशन में बढ़ोतरी की जाए। मेडिकल भत्ता 3 हजार रुपए मासिक किया जाए। अस्पताल में दाखिल होने पर सभी बीमारियों पर केशलैस मेडीकल सुविधा दी जाए। दिल्ली रीजनल स्पाइन सैंटर व बसंत कुंज अस्पताल पेनल पर लिया जाए। सिविल से रिटायर कर्मचारियों पर भी वन रैंक वन पेंशन लागू किया जाए। बिजली, शिक्षा, विकलांग भत्ता रिटायरमेंट के बाद भी दिया जाए। निजीकरण की नीति वापिस ली जाए। फैमली पेंशनर्स को भी एलटीसी सुविधा दी जाए। स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करके किसानों को कर्ज से मुक्ति दी जाए। इस मौके पर रामकुमार, कृष्णदत्त, जीता राम, श्याम लाल धीमान, रामकुमार, मनीराम, हरफूल सिंह सहित अनेक सेवानिवृत्त कर्मचारी मौजूद रहे।