राजौंद। गांव संतोख माजरा में फानों में लगी आग से तीन गांवों के 300 एकड़ फाने, एक एकड़ ईख व एक तूड़ी का कूप जल गया। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों व ग्रामीणों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दोपहर के समय गांव संतोख माजरा के खेतों में अज्ञात कारणों से लगी फानों में आग फैलती हुई गांव फरियाबाद व राजौंद के खेतों तक पहुंच गई। किसान मेघराज का पुरानी तूड़ी का कूप जल गया व रमेश का एक एकड़ ईख भी आग की भेंट चढ़ गया। पहले राजौंद से फायर ब्रिगेड की गाड़ी को बुलाया गया, लेकिन उससे आग पर काबू न होने के कारण पूंडरी से गाड़ी बुलाई गई। फिर भी काबू नहीं पाया गया तो कैथल से गाड़ी बुलाई गई। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक 300 एकड़ के लगभग फाने, एक कूप व गन्ने में आग पूरी तरह फैल चुकी थी। किसानों रणधीर, बलवान, संदीप, नरेंद्र व कुलदीप ने प्रभावित किसानों को सहायता देने की मांग की।