संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सावधान! यदि आप दोपहिया वाहन से लघु सचिवालय परिसर में प्रवेश कर रहे हैं तो सिर को हेलमेट से ढक लीजिए.... नहीं तो चालान कट सकता है। यहां पर यातायात नियमों का पालन करना अनिवार्य है। बुधवार को बिना हेलमेट 30 दोपहिया चालकों का चालान काटा गया।
उपायुक्त प्रीति ने साफ कर दिया है कि बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालकों और बिना सीट बेल्ट लगाए चार पहिया चालकों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनके निर्देश पर यातायात पुलिस ने बुधवार को सख्त अभियान चलाते हुए लापरवाह लोगों पर कार्रवाई की।
डीसी प्रीति ने यातायात पुलिस कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चाहे कोई कर्मचारी हो, अधिकारी हो या आमजन—सभी पर एक समान नियम लागू होंगे। लघु सचिवालय परिसर में बिना हेलमेट व बिना सीट बेल्ट प्रवेश करने वालों के चालान किए जाएं और नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं होगी। साथ ही आमजन से भी आह्वान किया कि वाहन चलाते समय नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
डीसी प्रीति ने कहा कि मानव जीवन बहुत अमूल्य है। हमें न केवल अपनी सुरक्षा बल्कि दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए। सड़क हादसों में सबसे अधिक चोट सिर पर लगती है, ऐसे में हेलमेट जीवन रक्षक कवच का काम करता है। डीसी ने कहा कि सड़क सुरक्षा एक संयुक्त जिम्मेदारी है, और नियमों का पालन कर हम हादसों को रोक सकते हैं।
वहीं, कैथल एसडीएम अजय सिंह ने भी लघु सचिवालय परिसर में तैनात पुलिस कर्मचारियों को निर्देश दिए और आमजन को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि हेलमेट का उपयोग अत्यंत आवश्यक है। सड़क सुरक्षा पॉलिसी की बैठक में यह तथ्य सामने आया कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें बिना हेलमेट पहने लोगों की हुई हैं। ऐसे में परिजनों को भी ध्यान रखना चाहिए कि जब वे अपने बच्चों को दोपहिया वाहन दें तो उन्हें हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें। जीवन एक बार मिलता है, बार-बार नहीं। इसलिए सभी यातायात नियमों का पालन करें।
लोग हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए न पहनें, बल्कि इसे अपनी सुरक्षा के लिए अपनाएं। इसे बोझ नहीं समझें। -प्रीति, उपायुक्त