संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैथल में खंड कैथल के प्राथमिक शिक्षकों को बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण में कैथल खंड सहित अन्य जिलों के विभिन्न स्कूलों में बालवाटिका से लेकर पांचवीं कक्षा तक पढ़ाने वाले 281 शिक्षकों ने सात समूहों में भाग लिया।
खंड एफएलएन समन्वयक संगीता और डीआरजी सदस्य हरीश अरोड़ा ने शिक्षकों को प्रशिक्षण के दौरान मिली गतिविधियों और तकनीकों को अपनी कक्षाओं में लागू करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों को खेल-खेल में सीखाने की प्रक्रिया को अपनाएं ताकि वे सहज रूप से सीख सकें। डॉ. नरेश ने कहा कि शिक्षकों का उद्देश्य होना चाहिए कि बच्चे स्कूल आते समय डरें नहीं, बल्कि आत्मविश्वास के साथ सीखने आएं। प्रशिक्षण के समापन पर सभी शिक्षकों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। शिक्षक रामफल ने बताया कि सभी मास्टर ट्रेनरों ने शिक्षण शास्त्र और नवीनतम तकनीकों को बेहद प्रभावशाली ढंग से साझा किया, जिससे सभी शिक्षकों को लाभ मिला।
इस अवसर पर रमन कुकरेजा, दिनेश कुमार, प्रदीप कुमार, मुनीश, संदीप पाठक, जोगिंद्र, राजबीर, कुश, ऋचा, मधु, रामफल, ऋतु, शिवानी शर्मा, शिल्पा रानी, प्रीति जैन, महाबीर प्रसाद, बलराज, ललित आदि उपस्थित रहे।