संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। विदेश में रहने वाले भतीजे के नाम पर एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने 2 लाख 45 हजार रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने फेसबुक मैसेंजर और व्हाट्सएप कॉल के जरिए खुद को बैंक और ट्रैवल एजेंसी का कर्मचारी बताकर पीड़ित को झांसे में लिया। मामले की शिकायत साइबर हेल्पलाइन 1930 और साइबर थाना पुलिस को दी गई है।
माता गेट निवासी अमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 21 फरवरी 2026 को उसके फेसबुक मैसेंजर पर उसके भतीजे आशु के नाम से संदेश आया। बातचीत के दौरान आरोपी ने कहा कि वह इंग्लैंड से कुछ रुपये भेज रहा है। इसके बाद आरोपी ने उसका आधार कार्ड और मोबाइल नंबर मांग लिया, जिसे उसने उपलब्ध करा दिया।
कुछ समय बाद आरोपियों ने मनीग्राम और वेस्टर्न यूनियन बैंक की करीब 10 लाख 40 हजार 600 रुपये की नकली रसीद भेजकर विश्वास में लिया। इसके बाद अलग-अलग व्हाट्सएप नंबरों से कॉल आई, जिनमें खुद को एसबीआई बैंक और ट्रैवल एजेंसी का कर्मचारी बताया गया।
आरोपियों ने कहा कि पैसे खाते में ट्रांसफर होने वाले हैं, लेकिन इसके लिए एजेंट फीस जमा करनी होगी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने धमकी दी कि यदि फीस जमा नहीं की गई तो उसके भतीजे को डिपोर्ट कर दिया जाएगा।
पत्नी के खाते से ट्रांसफर किए 2.45 लाख रुपये : आरोपियों की बातों में आकर अमित कुमार ने अपनी पत्नी रीचा के एचडीएफसी बैंक खाते से इंडियन ओवरसीज बैंक के खाते में आरटीजीएस के माध्यम से 2 लाख 45 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उसने अपने असली भतीजे से संपर्क किया तो पता चला कि उसने कोई पैसे नहीं भेजे हैं। इसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत संख्या 31302260013556 दर्ज करने के बाद मामले के जांच अधिकारी एएसआई विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।