कैथल। डीसी अपराजिता ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से निराश्रित बच्चों को 2300 रुपये प्रति माह प्रति बच्चा वित्तीय सहायता दी जा रही है। 21 वर्ष तक की आयु के ऐसे बच्चे, जिनके पिता की मृत्यु हो गई हो, माता-पिता लंबी सजा काट रहे हों या मानसिक व शारीरिक अक्षमता के कारण देखभाल करने में असमर्थ हों, योजना के पात्र हैं। अधिकतम दो बच्चों को लाभ दिया जाता है। उन्होंने बताया कि योजना के लिए परिवार की वार्षिक आय दो लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। पात्र परिवार अंत्योदय सरल केंद्र, अटल सेवा केंद्र या सीएससी के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ पात्रता संबंधी प्रमाण पत्र और परिवार पहचान पत्र देना अनिवार्य है। संवाद