संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गेहूं के सीजन को देखते हुए दमकल विभाग सतर्क हैं। कैथल में दमकल विभाग के पास अग्निकांड की घटनाओं पर काबू पाने के लिए 23 गाड़ियां हैं। प्रत्येक गाड़ियों पर तीन-तीन कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
कैथल में दमकल विभाग की 10 गाड़ी, चीका में चार, पूंडरी में पांच, कलायत में दो व राजौंद में दो कर्मचारी शामिल हैं। गेहूं के सीजन को देखते हुए विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी बढ़ाकर 12 घंटे की कर दी है। इसके साथ ही कर्मचारियों की कमी को देखते हुए सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं ताकि कहीं पर अग्निकांड की घटना की सूचना आती हैं तो कर्मचारी समय पर पहुंचकर आग पर काबू पा सके।
गौरतलब है कि विभाग के पास अग्निकांड की घटनाओं पर काबू पाने के लिए कर्मचारियों की कमी है। विभाग के अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर कर्मचारियों की मांग की है। दमकल विभाग कैथल ने 36 और कर्मचारियों के लिए पत्र भेजा है। इस समय विभाग के लिए 75 कर्मचारी कार्यरत हैं, प्रत्येक गाड़ी पर तीन कर्मचारी मौजूद हैं।
दमकल विभाग के प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने किसानों से अपील की है कि कोई भी किसान खेत में चाय न बनाए, बीड़ी व सिगरेट न पीए, खेत में हुक्का न पिएं, वे खेतों में पानी की हौदी भरकर रखें, स्प्रे टैंक भी पानी का भरकर भी जरूर रखें।
उन्होंने किसानों से अपील की कि खेत में रखे बिजली ट्रांसफार्मर के नीचे से सूखा घास साफ कर दें, इसके साथ ही खेत में कल्टीवेटर, हैरो भी रखेें। ताकि अग्निकांड होने पर कल्टीवेटर व हैरो से आग के आगे की फसल की बहाई की जाए और आग की रोका जा सके।