सीवन। वार्ड नंबर नौ नजदीक श्री सनातन धर्म मंदिर मोहल्ला के निवासी पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। सीवन में जब से सीवर पाइपलाइन के लिए खुदाई का काम शुरू हुआ है, तभी से ही इस मोहल्ले के लोगों को पानी के लिए परेशानी हो रही है। जहां-जहां पर सीवरेज व्यवस्था के लिए खुदाई हुई है वहां पर पेयजल आपूर्ति के लिए बिछाई गई पाइप लाइन टूट गई है। पिछले एक वर्ष से पानी मोहल्ले में नहीं पहुंच पा रहा है। मोहल्ला निवासी दूर दराज से पानी भर कर लाते हैं। इसके लिए समय भी खराब होता है और मेहनत भी लगती है।
मोहल्ला निवासी कवल, विजय खट्टर, वंश, सुनीता, अंजू, बाली, शीली वर्मा, पूर्ण वर्मा, भूषण रहेजा व अन्य लोगों का कहना था कि पिछले एक साल से वह पानी की समस्या का सामना कर रहे हैं। पानी की आपूर्ति न होने के कारण बहुत दिक्कत होती है। जब भी वह जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के पास गए हैं उन्हें सिर्फ आश्वासन दिया जाता है। पहले उन्हें बोला गया कि जब गोगा माड़ी वाली ट्यूबवेल चालू हो जाएगा उस समय मोहल्ले में पानी पहुंच जाएगा। परंतु वह ट्यूबवेल चालू होने के बाद भी पानी मोहल्ले में नहीं पहुंचा है। मोहल्ला ऊंचाई पर होने के कारण लोगों को अधिक परेशानी हो रही है। मोहल्ला निवासियों का कहना है कि उनसे अधिक ऊंचाई पर स्थित मोहल्ले में पानी सही प्रकार से पहुंच रहा है जोकि ट्यूबवेल नंबर 7 से आपूर्ति हो रही है। यदि उनके मोहल्ले के कनेक्शन भी 7 नंबर ट्यूबवेल से किए जाएं तो उनके मोहल्ले को भी पानी मिल सकता है। उन्होंने कहा कि यदि अब भी विभाग नहीं जागता है और उन्हें पानी नहीं मिलता है तो वह इसके लिए आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
जन स्वास्थ्य विभाग के जेई हरी सिंह ने बताया कि नल नलकूप चालू करवा दिया है। उसके बावजूद इस मोहल्ले में पानी नहीं पहुंचने की शिकायत हमें नहीं मिली है। यदि ऐसा है तो हम एक दो दिन में इसकी जांच करवाते हैं। अगर जरूरत पड़ी तो हम गेटवाल लगा कर पानी का दबाव बना कर ऊपर के मोहल्ले में पानी देंगे। यह समस्या जल्द हल की जाएगी। जहां जरूरत होगी, वहां पाइपलाइन भी डलवाई जाएगी। जहां पाइप टूटी थी, वहां लोहे के पाइप डाले जा रहे हैं। इस मोहल्ले में अब शीघ्र सर्वे करके जरूरत अनुसार पाइपलाइन व गेटवाल लगाए जाएंगे।
उधर, सरकारी कार्यालयों में पीने के पानी का संकट : राजौंद में सरकारी मुख्य कार्यालयों में पीने के पानी का टोटा है। इन कार्यालयों में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, नगरपालिका, उप तहसील कार्यालय में पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। अस्थाई तौर पर यहां पर पानी के कैंपर मंगवाए जाते हैं जो दोपहर शुरू होने से पहले ही खत्म हो जाते हैं। ऐसे में पूरा दिन इन कार्यालयों में आने वाले लोगों को पानी के लिए दर दर भटकना पड़ता है। पीने के पानी के लिए कोई भी वाटर कूलर तक नहीं है न ही कोई गहरा बोर या टंकी बनवाई गई जहां इन कार्यालयों में आने वाले लोगों को पीने का पानी मिल सके। लोगों का आरोप है कि जब नगर के मुख्य कार्यालयों में पानी की यह दशा है तो नगर में पानी की क्या व्यवस्था होगी। इतना ही नही इन कार्यालयों से कुछ कदम आगे विद्युत प्रसारण निगम व बस स्टैंड पड़ता है वहां भी पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है।