कलायत मंडी आढ़त एसोसिएशन में दो फाड़ के बन गए हैं आसार
जयदीप राणा को उनके समर्थकों ने नया मंडी प्रधान घोषित करते हुए बांटे लड्डू
23 मार्च को रखी हुई है प्रधान पद के लिए बैठक
फोटो संख्या-27
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। कलायत अनाज मंडी में एक प्रत्याशी द्वारा स्वयं को प्रधान घोषित कर देने के बाद अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन दो फाड़ में बंटती हुई दिख है। बुधवार को मंडी एसोसिएशन के नए प्रधान को लेकर दुर्गा मंदिर में एक बैठक का आयोजन किया गया था। बैठक में तीन प्रत्याशियों मौजूदा प्रधान जयदीप सिंह राणा, राजेंद्र सिंह राणा व राकेश कांसल ने अध्यक्ष पद के लिए अपने अपने दावे रखे थे। बैठक में तीनों प्रत्याशियों के दावों पर सहमति न बनने पर कार्यकारी अध्यक्ष जयप्रकाश मित्तल ने बैठक को 23 मार्च तक स्थगित कर दिया। बुधवार सुबह घटे नाटकीय घटनाक्रम में मौजूदा प्रधान व आने वाले साल के लिए प्रधान पद के प्रत्याशी जयदीप सिंह राणा के प्रतिष्ठान पर उनके समर्थकों ने उन्हें प्रधान घोषित करते हुए लड्डू बांट कर जश्न मना लिया। दूसरे पक्ष के प्रत्याशियों राकेश कांसल व राजेंद्र राणा ने इस पर आपत्ति प्रकट करते हुए मंदिर के माइक से घोषणा करवा दी कि यह घटनाक्रम मान्य नहीं है। 23 मार्च की बैठक में ही प्रधान पद के नाम पर सर्वसम्मति बनाई जाएगी। जयदीप सिंह राणा का कहना है कि आढ़तियों ने उन्हें सर्वसम्मति से चुना है। सभी दुकानों पर सहमति प्रकट करने के लिए रजिस्टर भेजा जा रहा है जिस पर आढ़ती मुहर लगा कर हस्ताक्षर कर अपनी सहमति प्रदर्र्शित कर रहे हैं।
प्रधान पद के प्रत्याशी राजेंद्र राणा का कहना है कि स्वयं को प्रधान घोषित कर मंडी में मिठाईयां बांटना केवल धक्काशाही है। उनका कहना है कि इस कदम ने मंडी में व्यापारियों की एकता को दो फाड़ कर दिया है। उन्होंने कहा कि 23 मार्च का दिन प्रधान पद के चुनाव के लिए रखा गया है तथा 23 को बैठक में व्यापारी निर्णय लेंगे वही सर्वमान्य होगा।
प्रधान पद के तीसरे प्रत्याशी राकेश कांसल का कहना है कि स्वयं को प्रधान घोषित कर व्यापारियों की एकता को दो फाड़ कर देना कदापि उचित नही हैं। 23 मार्च को ही फैसला होगा।