युवा महोत्सव में 60 कॉलेजों के 1000 से अधिक बच्चे बिखेरेंगे कलाओं का जलवा
41वां क्षेत्रीय युवा महोत्सव 3 से बाबू अनंत राम जनता कॉलेज कौल में, पांच विधाओं में पांच मंचों पर होंगे मुकाबले
कॉलेजों में तैयारियां जोरों पर, पुलिस-प्रशासन से मांगी सुरक्षा
40 वर्षों बाद ग्रामीण आंचल के कॉलेज को युवा महोत्सव की मेजबानी का मिला मौका
फोटो संख्या-5
अमर उजाला ब्यूरो
ढांड। सांस्कृतिक एवं युवा कार्यक्रम विभाग कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र द्वारा प्रायोजित 41वां क्षेत्रीय युवा महोत्सव 3 से 5 अक्टूबर को बाबू अनंत राम जनता कालेज कौल में आयोजित किया जाएगा। जिसकी मेजबानी 40 वर्ष बाद ग्रामीण आंचल के कॉलेज को मिला है। जो कालेज के लिए गौरव की बात है।
यह जानकारी देते हुए कालेज के प्रिंसिपल डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि इस युवा महोत्सव में कुरुक्षेत्र जोन के 60 कालेजों के लगभग 1000 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। जिसके लिए कॉलेज द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। प्रिंसिपल ने बताया कि युवा महोत्सव में 5 विधाओं के लिए 5 मंच बनाए गए हैं। करीब 1000 प्रतिभागियों के लिए भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था कालेज परिसर में ही की गई है। कार्यक्रम के दौरान शरारती तत्व किसी प्रकार का विघ्न न डालें उसके लिए सुरक्षा की दृष्टि से युवा महोत्सव में कैथल पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। जिसके लिए एसपी कैथल को जवानों की तैनाती के लिए लिखित में सूचना दी गई है।
प्रिंसिपल ने बताया कि युवा महोत्सव के दौरान निर्णायक मंडल की भूमिका निभाने के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा देश भर के विश्वविद्यालयों से अपने-अपने क्षेत्र के एक्सपर्ट नियुक्त किए जाएंगे। जो महोत्सव के दौरान प्रस्तुत की जाने वाली प्रस्तुतियों का सही आकलन कर अपना निर्णय देंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ 3 अक्टूबर को सुबह 10 बजे डीसी कैथल धर्मवीर सिंह करेंगे। समापन समारोह के अवसर पर मुख्यातिथि 5 अक्टूबर को वीसी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कैलाश चंद शर्मा विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करेंगे। जबकि दूसरे दिन के महोत्सव में मुख्यातिथि के तौर पर एसपी कैथल आस्था मोदी शिरकत करेंगी।