ब्याज की दर को लेकर आज अनाज मंडी में खरीद नहीं करेंगे व्यापारी
ब्याज की दर को लेकर विवाद
कैथल। मंगलवार को देरी से फसल की अदायगी पर ब्याज की दर के मुद्दे पर अनाज मंडी में खरीद करने वाले व्यापारी खरीद नहीं करेंगे। विदित रहे कि लगभग एक सप्ताह पूर्व राइस मिल वाले व निर्यातकों के लिये मंडी में से किसानों की फसल खरीद करने वाले पक्के आढ़तियों ने मंडी के प्रधान सुरेश चौधरी को एक मांग पत्र सौंप कर ब्याज दर कम करने की मांग की थी। मंडी प्रधान ने इस मांग पत्र को मंडी के लक्ष्मी नारायण मंदिर में हुई आढ़तियों की बैठक में यह मांग पत्र रखा था। जिस पर दस आढ़तियों की एक कमेटी का गठन किया गया। कमेटी के द्वारा अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया। जिस पर सोमवार को कुछ राइस मिल वालों व पक्की खरीद वालों ने जाखैली अड्डा स्थित अग्रसैन धर्मशाला में एक बैठक कर मंगलवार से खरीद बंद करने का निर्णय लिया।
यह भी बता दें कि इस समय मंडी में किसानों की फसल की अदायगी देरी से करने पर ब्याज दर 50 दिन तक 10 दिन की छूट करके बाकी दिन का ब्याज 1.50 रुपये, उसके बाद 80 दिन तक दस दिन की छूट समाप्त करके पूरे समय का ब्याज 1.50 रुपये और उसके बाद 1.65 रुपये प्रतिशत की दर से लगता है।
अब इस दर में परिवर्तन करके 4 दिन की छूट करके 60 दिन तक 1.5 प्रतिशत व उसके बाद छूट समाप्त करके पूरे समय का ब्याज 1.65 प्रतिशत का मांगने लगे है, जबकि खरीद करने वाले ब्याज की धारा में परिवर्तन कर 80 दिन तक 10 दिन की छूट व दर 1.35 और उसके बाद 1.50 प्रतिशत करने की मांग पर अड़े है। इसी के मामले में मंगलवार को खरीद करने वाला कोई व्यापारी खरीद नहीं करेगा।
इस बारे में जब मंडी प्रधान सुरेश चौधरी ने कहा कि अभी उन्हें जानकारी मिली है कि निर्यातकों व राइस मिलर्स की ओर से खरीद करने वालों ने हड़ताल का ऐलान किया है। अभी तक उन्हें किसी ने आधिकारिक तौर पर सूचना नहीं दी है। वहीं राइस मिल प्रधान मांगे राम खुरानियां ने शहर से बाहर होने की कह कर इसकी कोई पुष्टि नही की।