सूरजकुंड शीतला माता मंदिर में माथा टेक श्रद्धालुओं ने मांगी मन्नतें
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। माता गेट स्थित सूरजकुंड शीतला माता मंदिर में आषाढ़ माह के कृष्ण पक्ष के अंतिम वीरवार को मेला आयोजित हुआ। इस मौके पर दूर दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने माता शीतला देवी की पूजा अर्चना कर अपनी मन्नतेें मांगी। माता शीतला के समक्ष माथा टेकने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रही। महिलाओं ने नारियल, चुनरी, मीठे गुलगुले और मां के शृृंगार चढ़ा कर सुख शांति की कामना की।
मंदिर के महंत राजेश्वर पूरी ने बताया कि आषाढ़ माह के कृष्ण पक्ष तक प्रत्येक वीरवार को माता के मंदिर में मेला लगता है। जिसमें हजारों श्रद्धालु पूजा के लिए आते हैं। इस पूजा से छोटी माता नामक बीमारी से मुक्ति मिलती है। मेले के दौरान बच्चों व महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। इस मौके पर महिलाओं ने आभूषण सहित शृृंगार का अन्य समान तो बच्चों ने खिलौने खरीदे। इस मौके पर लाल बाबा, शशी कुमार, पंडित नागेंद्र, तरसेम, रमेश धीमान, सूरजभान, सतेंद्र कुमार, राजीव सहित अन्य सेवादार मौजूद रहे।