संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में सोमवार को इंटरनेशनल मैथ ओलंपियाड (आईएमओ) कोचिंग परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। यह परीक्षा जिले के छह ब्लॉक मुख्यालय विद्यालयों में एक साथ आयोजित हुई, जिसमें कुल 2042 विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा का आयोजन दोपहर 1:00 बजे से 2:00 बजे तक किया गया।
परीक्षा संचालन की व्यवस्था में संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य परीक्षा अधीक्षक के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे थे, जबकि खंड शिक्षा अधिकारी सह ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर ने ऑब्जर्वर के रूप में कार्य किया। प्रत्येक ब्लॉक में नियुक्त नोडल गणित अध्यापकों ने परीक्षा प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया। परीक्षा के बाद सभी प्रश्न पत्र बीआरसी कार्यालयों में जमा करवा दिए गए।
जांच और चयन प्रक्रिया ः जिला गणित विशेषज्ञ कैथल, छत्रपाल ने बताया कि 5 अगस्त को सुबह 9 बजे आईएमओ कोचिंग टीम बीआरसी कार्यालयों में एकत्र होकर कॉपियों की जांच करेगी। इस दौरान सभी नोडल अधिकारियों को आंसर की भी उपलब्ध करवाई जाएगी। पहले प्रश्न पत्र और आंसर-की का मूल्यांकन और सत्यापन किया जाएगा। यदि सब कुछ सही पाया गया तो मार्किंग शुरू होगी, अन्यथा विसंगतियों को जिला गणित विशेषज्ञ के संज्ञान में लाकर आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
ओरिएंटेशन के बाद, प्रत्येक ब्लॉक में चयनित विद्यार्थियों के लिए कक्षाओं का समय-निर्धारण किया जाएगा। सभी कक्षाओं (7वीं से 11वीं) के लिए समान सिलेबस तैयार किया जाएगा और प्रतिमास परीक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों का मूल्यांकन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के नोडल अधिकारी छत्रपाल, जिला गणित विशेषज्ञ कैथल होंगे।
परीक्षा परिणाम के आधार पर कक्षा 7वीं से 11वीं तक प्रत्येक कक्षा के शीर्ष 8 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर इस संख्या में वृद्धि की जा सकेगी। चयनित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, स्कूल प्राचार्यों और आईएमओ टीम के लिए एक ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त कैथल दीपक बाबूलाल करेंगे। -डॉ. विजय लक्ष्मी, जिला शिक्षा अधिकारी,