बच्चों ने कहा- साहब! हमें स्कूल जाने के लिए नहीं मिलता रास्ता, रोज हो रही परेशानी
- गांव ब्राह्मणीवाला से आए स्कूली बच्चों की बात सुनकर डीसी ने तुरंत जारी किए रास्ता खोलने के आदेश
गांव में एक व्यक्ति ने निशानदेही में जमीन मिलने पर कर दिया है रास्ता बंद
फोटो नंबर 10
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गांव ब्राह्मणीवाला में राजकीय विद्यालय के विद्यार्थी वीरवार को स्कूल के रास्ते को बहाल करवाने की मांग को लेकर लघु सचिवालय में पहुंचे। जहां डीसी को बताया कि उन्हें स्कूल में जाने के लिए रास्ता नहीं है। हर रोज काफी परेशानी होती है। डीसी ने बच्चों की समस्या का तुरंत समाधान करते हुए एसडीएम को आदेश दिए कि वे शुक्रवार को जाकर रास्ता खुलवाएं।
वीरवार को सरपंच राजकुमार, संदीप, बलराज, फूलचंद नंबरदार, ईश्वर, गजे सिंह, भीम, रोहताश, बलदेव, सलिंद्र, जयभगवान, रणधीर, सतबीर, वचन, सुरेंद्र ब्लॉक समिति सदस्य ने बताया कि स्कूल में आठवीं तक के विद्यालय में पहुंचने के लिए बच्चों को काफी परेशानी हो रही है। गांव से बात्ता जाने वाले मार्ग पर गत 27 सितंबर से एक व्यक्ति ने जमीन को अपना बताते हुए सड़क को उखाड़ दिया। सड़क दूसरी तरफ यह गांव के दूसरे व्यक्ति के खेत से होकर गुजरती है। कोर्ट के आदेश पर निशानदेही हुई थी और पत्थर लगाए थे। दूसरे व्यक्ति द्वारा सड़क को उखाड़ दिया गया और यह रास्ता अब बंद हो चुका है। इन दोनों की सूचना ग्राम पंचायत व ग्रामवासियों ने पीडब्ल्यूडी व डीसी को उसी समय दे दी गई। परंतु समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। जिस कारण हर रोज बच्चों को स्कूल में पहुंचने में परेशानी होती है। वे इसी कारण डीसी से मिलने पहुंचे।
डीसी ने समस्या सुनकर तुरंत एसडीएम कलायत जगदीप सिंह और एक्सईन पीडब्ल्यूडी को आदेश दिए कि इस समस्या का समाधान जल्दी किया जाए। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। किसी ने डीसी को बताया कि मामला अभी कोर्ट में लंबित है। डीसी ने फिर भी वैकल्पिक व्यवस्था कर बच्चों को राहत दी जाए। इसके बाद बच्चे वापस लौट सके।