सीएम के अतिरिक्त प्रधान सचिव ने वीडियो क्राफेंस से की अंत्योदय सरल केंद्रों की समीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डा राकेश गुप्ता ने अंत्योदय सरल केंद्रों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रदेशभर में सभी अन्य 15 जिलों में 30 नवंबर तक अंत्योदय भवन को शुरू किया जाए। अंत्योदय सरल केंद्र पर सही कार्य न करने वाले संबंधित विभाग के अधिकारियों को निलंबित करने के साथ-साथ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। सभी विभाग सेवा का अधिनियम के तहत निर्धारित अवधि के दौरान ही संबंधित सेवाएं प्रदान करें। डा राकेश गुप्ता वीडियो कांफ्रैंस के माध्यम से अंत्योदय सरल केंद्र एवं सक्षम हरियाणा शिक्षा की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने सरल केंद्र की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रदेशभर में 7 जिलों में गत 14 अप्रैल से अंत्योदय भवन कार्य कर रहे हैं तथा अन्य शेष 15 जिलों में ये भवन 30 नवंबर तक शुरू हो जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि सरल स्कोर में कमी नही आनी चाहिए। उन्होंने हरपथ तथा सक्षम हरियाणा शिक्षा की समीक्षा करते हुए खरखौदा, सांपला व पानीपत खंडों को सक्षम घोषित होने पर बधाई दी। इस अवसर पर एडीसी पार्थ गुप्ता, कैथल की एसडीएम कमलप्रीत कौर, सीटीएम विजेंद्र हुड्डा, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी दीपक खुराना, जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप शर्मा, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी चंद्रानी रॉय, जिला शिक्षा अधिकारी जोगिंद्र हुड्डा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी शमशेर सिंह सिरोही, जिला उप शिक्षा अधिकारी दलीप सिंह व सुदेश सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।