संशोधित केवल दिन का नाम बदला गया है
कमरे पर लड़की लाने से रोका तो चाकुओं से गोदा, पुत्र की मौत, पिता घायल
फाइनेंस फर्म चला रहे दो युवकों और एक लड़की ने दिया वारदात को अंजाम
कैथल की बालाजी कॉलोनी में गली नंबर 3 में फाइनेंस कंपनी चला रहे हैं सोनीपत निवासी दो युवक
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। बालाजी कॉलोनी में फाइनेंस की फर्म चला रहे दो युवकों ने शनिवार की रात को कमरे पर रात को लड़की लाने का विरोध करने पर पड़ोसी बाप-बेटे को चाकुओं से गोद डाला। इस घटना में बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता अभी पीजीआई में जिंदगी व मौत की जंग लड़ रहे हैं। मृतक एक निजी कॉलेज में बस चालक था। घटना के बाद से हत्यारोपी युवक फरार हैं। एसपी ने रात को ही मौके का दौरा कर आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने दो युवकों, एक लड़की के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज किया है।
करनाल रोड रेलवे फाटक के निकट स्थित बालाजी कॉलोनी की गली नंबर 3 के एक मकान की पहली मंजिल पर करीब आधा दर्जन युवक एक फाइनेंस फर्म चला रहे थे। जो महिलाओं को कथित तौर पर ग्रुप बनाकर लोन देने का काम कर रही है। शनिवार की रात को इस फर्म में रात्रि करीब 11 बजे के बाद विवाद हुआ। इसमें इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस को दिए बयान में घायल माईलाल ने बताया कि सोनीपत के गांव चिचड़ाना निवासी सुरेंद्र और हरिओम निवासी भंडारी ने उसके बेटे को रात को लड़की लाने का विरोध करने पर चाकुओं से गोद दिया। जब वह अपने बेटे को देखने पहुंचा तो इन दोनों युवकों सहित यहां पर आई लड़की ने भी उन पर चाकुओं से हमला कर दिया। उसके बेटे ने घायलावस्था में पड़ोसियों की मदद के लिए प्रयास भी किया, लेकिन आरोपियों ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया और फरार हो गए। इसी बीच जैसे-तैसे पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां चिकित्सकों ने युवक विक्रम को मृत घोषित कर दिया। जबकि माईलाल की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया। रात को ही एसपी आस्था मोदी ने घटनास्थल का दौरा किया और पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। सुबह एफएसएल की टीम ने पूरे घटनास्थल से तथ्य जुटाए।
एसएचओ सिविल लाइन धर्मपाल ने बताया कि पुलिस ने माईलाल की शिकायत पर सुरेंद्र कुमार निवासी चिचड़ाना, हरिओम निवासी भंडारी व एक लड़की के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। लड़की पर भी चाकुओं से हमला करने का आरोप है। आरोपी यहां एक फाइनेंस फर्म चलाते थे।