मुख्य बाजार की सड़क खड़े गंदे पानी से दुकानदार परेशान
नाले की सफाई न होने से ओवर फ्लो हो जाता है नाला
फोटो संख्या-41
अमर उजाला ब्यूरो
पूंडरी। पूंडरी मुख्य बाजार की सड़क के साथ नाले का पानी खड़ा रहने से दुकानदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर स्थित ओबीसी बैंक की शाखा के गेट पर भी पानी खड़ा रहता है। जिससे बैंक उपभोक्ताओं को भी पानी से गुजरकर निकलना पड़ता है। मुख्य बाजार की ये मार्केट फतेहपुर पंचायत की हद में आती है। दुकानदारों ने नाले की सफाई को लेकर कई बार गांव सरपंच पुष्पा वालिया को भी अवगत करवा दिया है। कई दुकानदारों ने नाले के ऊपर रैंप बनाये जाने से भी नाले में गंदगी व पॉलीथिन रैंप के नीचे जमा हो जाते है और पानी ओवर फ्लो होकर सड़क पर जमा हो जाता है। जिससे हर समय गंदे पानी में से बदबू मारती रहती है और बीमारी फलने का भी भय बना रहता है। दुकानदार राजन बग्गा, राजकुमार, कृष्ण, रमेश कुमार, लव, राजू, सुरेश व विवेक ने बताया कि नाले पर रैंप बनाए दुकानदारों को रैंप हटाने या सफाई करने के लिए कहा, लेकिन ये एक दो दुकानदार सफाई ना करते और ना ही करने देते है। विरोध करने पर झगड़ा करने पर उतारू हो जाते है।
सरपंच प्रतिनिधि गौरव वालिया से बात कि गई तो उन्होंने बताया कि नाले की सफाई के लिए कर्मचारी भेजे गए थे। एक दुकानदार द्वारा नई दुकान बनाने का कार्य चल रहा है और उसने निर्माण सामग्री डाली हुई है। आज नाले की सफाई करवा दी जाएगी।