विद्यार्थियों ने दी सड़क सुरक्षा प्रतियोगिता की परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
सीवन। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीवन के हाल में खंड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन शर्मा की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी सीवन धर्मपाल और अन्य पुलिस अधिकारियों की देख रेख में यह खंड स्तरीय परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान एसपी आस्था मोदी ने औचक निरीक्षण किया।
एसपी ने बताया कि इस परीक्षा के माध्यम से छात्रों को यातायात के नियमों के बारे में जानकारी दी गई है। ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित जानकारी, दुर्घटना के कारण व बचाव के बिन्दुओं पर प्रकाश डाला गया और इसके साथ साथ सड़क सुरक्षा चिन्हों व लाइट बत्ती के बारे में भी बताया गया है। उन्होंने बताया कि इससे छात्रों को जो जानकारी मिलती है वह उन्हें भविष्य में काम आने वाली है। कोई भी दुर्घटना लापरवाही, नशा, तेज गति व नियमों की अनदेखी करने के कारण होती है जिससे परिवार नष्ट हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चे भी बहुत तेज गति से वाहन चलाते हैं वह भी दुर्घटना का कारण बनते हैं। यदि आरंभ से बच्चों को यातायात के नियमों की जानकारी दी जाएगी तो इस प्रकार की दुर्घटनाओं में कमी आ सकती है। वाहन चलाने के लिए ड्राइविंग करने से पहले ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना अवश्य है। इसके अलावा सड़क सुरक्षा चिन्हों व लाइट बत्ती के बारे में हमें पुरी जानकारी होनी चाहिए ताकि दुर्घटना न घटे। नियमों की अनदेखी के कारण ही ज्यादातर सड़क दुर्घटनाएं होती है बिना हेलमेट के बाइक बिल्कुल न चलाए सबसे पहले हेलमेट पहने उसके बाद बाइक की चाबी उठाए। खंड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को आयोजित इस परीक्षा में कुल 200 छात्रों ने भाग लिया है। यह परीक्षा कक्षा 1 से 5, कक्षा 6 से 8 व कक्षा 9 से 12 तीन लेवल में सम्पन्न करवाई गई है। प्रत्येक स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाले छात्र जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।