कैथल। दो युवकों ने एक युवक से चंडीगढ़ नगर निगम में बतौर जेई की नौकरी दिलवाने के नाम पर 20 लाख रुपये ठग लिए। हैरत की बात यह कि उसने बतौर जेई वहां तीन-चार माह काम भी किया। जब वेतन नहीं मिला तो उसने शक हुआ और उसने इस मामले में पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव खटकड़ निवासी संदीप ने बताया कि उसने सिविल बी.टेक की डिग्री हासिल की थी। जुलाई 2022 में उसके चंदाना निवासी जीजा ने उसे बताया था कि उसके गांव के ही कुलदीप ने उसके एक मित्र जसमेर की पत्नी को चंडीगढ़ में सरकारी नौकरी दिलवाई है। कुलदीप व जसमेर ने उसे भी 25 लाख रुपये में सरकारी नौकरी दिलवाने का आश्वासन दिया। उनके झांसे में आने के बाद पहले उसने पांच लाख रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपी कुलदीप ने उसे एक ज्वाइनिंग लेटर भेजा और कहा कि 14 अगस्त के बाद ज्वाइनिंग होगी। तब तक शेष 20 लाख रुपये भी दे दो। इसके बाद उसने लोन व अपने जीजा से उधार लेकर शेष रुपये उसे दे दिए। उसने 23 अगस्त 2022 को चंडीगढ़ नगर निगम में बतौर जेई ज्वाइन भी कर लिया।
वहां उसे विक्रम नाम के एक व्यक्ति से मिलवाया। उसने तीन-चार माह वहां काम किया। बाद में जब उसे वेतन नहीं मिला तो उसने पड़ताल की। इसके बाद उसने कुलदीप से बात की। पहले वे टालता रहा। इसके बाद उसे पता चला कि आरोपियों ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। इसके बाद दोनों ने पांच लाख रुपये तो वापस कर दिए, मगर शेष राशि नहीं दी। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है।